भारतीय ग्रैंडमास्टर विदित गुजराती ने फिडे ग्रैंड स्विस लीग के लिए क्वालीफाई किया

punjabkesari.in Friday, Aug 13, 2021 - 05:54 PM (IST)

चेन्नई, 13 अगस्त (भाषा) भारतीय ग्रैंडमास्टर विदित गुजराती ने 25 अक्टूबर से आठ नवंबर तक रीगा, लातविया में आयोजित होने वाली फिडे ग्रैंड स्विस लीग के लिए क्वालीफाई कर लिया है।
 
नासिक के इस खिलाड़ी ने हाल ही में संपन्न शतरंज विश्व कप 2021 में शीर्ष आठ में पहुंचने के बाद फिडे ग्रां प्री 2022 के लिए भी क्वालीफाई किया है।

उनके पास प्रतिष्ठित कैंडिडेट्स 2022 में अपना स्थान पक्का करने के लिए दो मौके हैं। कैंडिडेट्स 2022 में खिलाड़ी विश्व चैंपियन को चुनौती देने के लिए क्वालीफाई करेगा।

गुजराती हाल ही में सोची में विश्व कप के क्वार्टर फाइनल में पहुंचे थे। वह ग्रैंडमास्टर विश्वनाथन आनंद के बाद ऐसा करने वाले केवल दूसरे भारतीय शतरंज खिलाड़ी है।
   
उन्होंने मीडिया विज्ञप्ति में कहा,‘‘
मुझे विश्वास था कि मैं पिछले एक साल के अपने प्रदर्शन के दम पर ग्रैंड स्विस लीग के लिए क्वालीफाई कर लूंगा। बोर्ड के ऊपर क्लासिक शतरंज खेलना बहुत अच्छा अहसास था।’’
उन्होंने कहा, ‘‘ भारत का प्रतिनिधित्व करना हमेशा गर्व का क्षण होता है और इस बार जब मैं क्वार्टर फाइनल में पहुंचा तो यह और भी खास था। मैं अपने ओवरऑल प्रदर्शन से खुश हूं और अगले टूर्नामेंट के लिए उत्साहित हूं। मेरा लक्ष्य सर्वश्रेष्ठ शतरंज खेलना और कैंडिडेट्स 2022 के लिए क्वालीफाई करना है।’’
स्विस लीग में 114 खिलाड़ी भाग लेंगे जिसमें भारत का प्रतिनिधित्व गुजराती के अलावा ग्रैंडमास्टर आनंद, ग्रैंडमास्टर पी हरिकृष्णा और ग्रैंडमास्टर  बी अधिबान करेंगे।

ग्रैंडमास्टर डी हरिका महिला स्विस लीग में भाग लेंगी। इसमें दुनिया की शीर्ष 50 महिला खिलाड़ी हिस्सा लेंगी।



यह आर्टिकल पंजाब केसरी टीम द्वारा संपादित नहीं है, इसे एजेंसी फीड से ऑटो-अपलोड किया गया है।

PTI News Agency