FIFA World Cup 2026 Final: अर्जेटीना या स्पेन? फुटबॉल की बादशाहत के लिए महामुकाबला
punjabkesari.in Saturday, Jul 18, 2026 - 03:51 PM (IST)
स्पोर्ट्स डेस्क: फीफा वर्ल्ड कप 2026 का खिताबी मुकाबला रविवार को न्यूयॉर्क के मेटलाइफ स्टेडियम में खेला जाएगा, जहां मौजूदा चैंपियन अर्जेंटीना का सामना यूरोपीय चैंपियन स्पेन से होगा। एक तरफ लियोनेल मेसी का अनुभव और आक्रामक खेल है, तो दूसरी ओर लामिन यामाल की युवा ऊर्जा और पूरे टूर्नामेंट में शानदार डिफेंस। ऐसे में फुटबॉल की बादशाहत के लिए यह मुकाबला बेहद रोमांचक होने वाला है।
आक्रमण बनाम अभेद डिफेंस की जंग
फाइनल केवल दो टीमों के बीच नहीं, बल्कि दो अलग-अलग फुटबॉल शैलियों की टक्कर भी है। अर्जेंटीना ने पूरे टूर्नामेंट में सात मैचों में सबसे ज्यादा 19 गोल दागे हैं, जबकि स्पेन ने फाइनल तक पहुंचने के दौरान सिर्फ एक गोल खाया है। ऐसे में मेसी की अगुवाई वाला हमला और स्पेन की मजबूत रक्षापंक्ति इस मुकाबले का सबसे बड़ा आकर्षण होगी।
मेसी बनाम यामाल पर दुनिया की नजर
इस फाइनल को लियोनेल मेसी और स्पेन के युवा स्टार लामिन यामाल की पीढ़ियों की जंग के रूप में भी देखा जा रहा है। मुकाबले से पहले दोनों की करीब दो दशक पुरानी एक तस्वीर सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुई, जिसमें युवा मेसी बाथटब में नन्हे यामाल को नहलाते नजर आ रहे हैं। अब वही यामाल विश्व कप फाइनल में मेसी के सामने खड़े होंगे।
दोनों टीमों का फाइनल तक का सफर
अर्जेंटीना ने ग्रुप स्टेज के तीनों मैच जीतकर शानदार शुरुआत की, लेकिन नॉकआउट चरण में उसे केप वर्दे, मिस्र और स्विट्जरलैंड जैसी टीमों के खिलाफ कड़ी चुनौती मिली। सेमीफाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ पिछड़ने के बावजूद टीम ने शानदार वापसी करते हुए फाइनल का टिकट कटाया। वहीं स्पेन का सफर भी आसान नहीं रहा। ग्रुप चरण में केप वर्दे ने उसे गोलरहित ड्रॉ पर रोक दिया था। इसके बाद स्पेन ने ऑस्ट्रिया, पुर्तगाल, बेल्जियम और सेमीफाइनल में फ्रांस को हराकर खिताबी मुकाबले में जगह बनाई।
गोल्डन बूट की दौड़ में आगे मेसी
लियोनेल मेसी इस टूर्नामेंट में अब तक 8 गोल कर चुके हैं। इतने ही गोल फ्रांस के किलियन एमबाप्पे ने भी किए, लेकिन मेसी के नाम चार असिस्ट भी हैं, जिसके चलते वह गोल्डन बूट की दौड़ में फिलहाल आगे हैं। इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल में भी उन्होंने एक गोल में अहम भूमिका निभाकर अपनी क्लास दिखाई।
क्या इतिहास रचेगी अर्जेंटीना या लौटेगा स्पेन का स्वर्णिम दौर?
अगर अर्जेंटीना यह मुकाबला जीतती है तो वह 1958 और 1962 की ब्राजील टीम के बाद लगातार दो विश्व कप जीतने वाली पहली टीम बनेगी। दूसरी ओर स्पेन 2010 के बाद दूसरी बार विश्व चैंपियन बनने का सपना पूरा करना चाहेगी। फाइनल से पहले मेसी ने कहा, "अर्जेंटीना मैदान पर अपना सब कुछ झोंक देगी।" वहीं स्पेन के स्टार मिडफील्डर रोड्री ने भरोसा जताते हुए कहा, 'हम विश्व कप जीतने के इरादे से आए हैं। हमने बड़े-बड़े प्रतिद्वंद्वियों को हराया है और उसी लय को बरकरार रखना होगा।'
कागजों पर दोनों टीमें लगभग बराबरी की नजर आती हैं। अगर मेसी का अनुभव और अर्जेंटीना का आक्रमण चला तो ट्रॉफी दक्षिण अमेरिका जाएगी, लेकिन अगर स्पेन ने अपना अनुशासित और मजबूत खेल दोहराया तो यूरोप एक बार फिर विश्व फुटबॉल पर राज करेगा।

