T20 World Cup 2026 Final: फाइनल से पहले टीम इंडिया ने लिया ये बड़ा फैसला! वजह जानकर हैरान रह जाएंगे

punjabkesari.in Saturday, Mar 07, 2026 - 12:59 PM (IST)

T20 World Cup 2026 Final: रविवार 8 मार्च को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होने वाले T20 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल मुकाबला होने जा रहा है। इस मैच में इंडिया और न्यूजीलैंड का टीम के बीच मुकाबला होगा। फैंस इस पल के लिए काफी उत्सुक हैं।  न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाले इस फाइनल मैच के लिए टीम इंडिया केवल तकनीकी रूप से ही नहीं, बल्कि मनोवैज्ञानिक और रणनीतिक स्तर पर भी बड़े बदलाव कर रही है। 2023 के वनडे वर्ल्ड कप की हार की कड़वी यादों को पीछे छोड़ने के लिए इस बार टीम का ठिकाना और ड्रेसिंग रूम तक बदल दिया गया है।

अंधविश्वास या रणनीति

खबरों के मुताबिक, भारतीय टीम ने अहमदाबाद में अपना पारंपरिक ठिकाना (ITC नर्मदा) छोड़कर इस बार 'ताज स्काईलाइन' में रुकने का फैसला किया है। इसके पीछे साल 2023 की हार और हाल ही में सुपर-8 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मिली शिकस्त को 'बैड लक' से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि, तकनीकी पहलू यह भी है कि न्यूजीलैंड की टीम पहले से ही उस होटल में ठहरी हुई है, जिसे आमतौर पर टीम इंडिया इस्तेमाल करती थी।

ड्रेसिंग रूम में बदलाव और वास्तु का ध्यान

होटल के साथ-साथ मैदान के अंदर भी टीम इंडिया ने लीक से हटकर फैसला लिया है। भारतीय टीम इस बार घरेलू ड्रेसिंग रूम के बजाय 'विजिटिंग टीम' (मेहमान टीम) वाले ड्रेसिंग रूम का उपयोग करेगी। माना जा रहा है कि वास्तु दोष और पुरानी हार की नकारात्मकता को दूर करने के लिए मैनेजमेंट ने यह कदम उठाया है। इतना ही नहीं, सेमीफाइनल से पहले चंद्र ग्रहण के प्रभाव को देखते हुए अभ्यास सत्र की टाइमिंग में बदलाव और सपोर्ट स्टाफ द्वारा धार्मिक स्थलों पर मत्था टेकना यह दर्शाता है कि टीम इस बार जीत के लिए हर संभव 'आशीर्वाद' चाहती है।

लाल मिट्टी की पिच पर टिकी उम्मीदें

पिच को लेकर भी कयासों का बाजार गर्म है। नरेंद्र मोदी स्टेडियम में लाल, काली और हाइब्रिड तीनों तरह की पिचें मौजूद हैं। चूंकि काली मिट्टी पर भारत को हार का सामना करना पड़ा था, इसलिए फाइनल के लिए लाल मिट्टी की पिच को प्राथमिकता दी जा सकती है। लाल मिट्टी पर मिलने वाला अतिरिक्त उछाल भारतीय बल्लेबाजों के अनुकूल माना जाता है। बीसीसीआई के शीर्ष अधिकारियों ने खुद पिच की परिस्थितियों का जायजा लिया है।

रिकी मार्टिन और फाल्गुनी पाठक बिखेरेंगे जलवा

क्रिकेट के इस महाकुंभ के समापन को यादगार बनाने के लिए एक भव्य कार्यक्रम की तैयारी है। अंतरराष्ट्रीय पॉप स्टार रिकी मार्टिन अपने प्रसिद्ध गानों पर परफॉर्म करेंगे। वहीं, भारत की ओर से 'डांडिया क्वीन' फाल्गुनी पाठक और मशहूर गायक सुखविंदर सिंह अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का उत्साह बढ़ाएंगे।

 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Radhika

Related News