IND vs WI 5th T20: भारत-वेस्टइंडीज पांचवां टी20 बारिश के चलते रद्द, 2-2 की बराबरी पर खत्म हुई सीरीज

punjabkesari.in Saturday, Oct 17, 2026 - 10:25 PM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्कः भारत और वेस्टइंडीज के बीच पांचवां और निर्णायक टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला शनिवार को यहां बारिश के कारण रद्द हो गया, जिससे पांच मैचों की शृंखला 2-2 से बराबर रही। बारिश के कारण मुकाबला दो घंटे 15 मिनट की देरी से शुरू हुआ और इसे नौ-नौ ओवर का कर दिया गया। भारतीय पारी के दौरान आठवें ओवर में एक बार फिर बारिश ने खेल रोक दिया। इसके बाद कुछ देर की इंतजार के बाद अंपायरों ने मुकाबला रद्द करने का फैसला किया।

मैच रद्द होने से पहले ईशान किशन और नमन धीर ने विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए भारत को 7.4 ओवर में पांच विकेट पर 118 रन के मजबूत स्कोर तक पहुंचा दिया था। किशन ने महज 10 गेंदों में 30 रन ठोके, जबकि धीर ने सिर्फ छह गेंदों में नाबाद 24 रन बनाए। लगातार बारिश के कारण मुकाबला रात 9.15 बजे शुरू हो सका। शाम करीब चार बजे शुरू हुई बारिश के चलते मैच में काफी देरी हुई और इसे रात 10.03 बजे बारिश ने फिर खेल रोक दिया। इसके बाद वेस्टइंडीज को पांच ओवर में लक्ष्य का पीछा करने का मौका देने के लिए रात 10.21 बजे तक का कटऑफ समय तय किया गया था, लेकिन बारिश नहीं थमी और रात 10.18 बजे ही मुकाबला रद्द घोषित कर दिया गया।

पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने पर भारतीय टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक तेवर दिखाए। अभिषेक शर्मा ने कीमो पॉल की गेंद पर छक्का लगाकर पारी का आगाज किया, लेकिन पॉल ने जल्द ही उन्हें पवेलियन भेज दिया। अभिषेक का फ्लिक शॉट सर्कल के किनारे खड़े शमर जोसेफ के हाथों में समा गया। इसके बाद किशन ने वेस्टइंडीज के गेंदबाजों पर जमकर हमला बोला। बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने रोमारियो शेफर्ड के पारी के दूसरे ओवर में 24 रन बटोरकर कैरेबियाई गेंदबाजी की लय बिगाड़ दी। किशन ने इस ओवर में दो छक्के और दो चौके लगाए। स्क्वायर लेग के ऊपर से लगाया गया उनका स्कूप शॉट खास आकर्षण रहा। संजू सैमसन ने भी कम गेंदों की अपनी पारी में छाप छोड़ी। उन्होंने शमर जोसेफ की गेंद पर पॉइंट के ऊपर से शानदार अपर कट लगाकर दर्शकों को रोमांचित कर दिया। वेस्टइंडीज ने हालांकि जल्द ही दोनों बल्लेबाजों को पवेलियन भेजकर वापसी की।

जोसेफ ने किशन का कैच रोवमैन पॉवेल के हाथों कराया, जबकि शमर स्प्रिंगर ने सैमसन को बोल्ड कर दिया। कप्तान श्रेयस अय्यर (22) को जीवनदान मिला। इसके बाद उन्होंने कुछ आकर्षक शॉट लगाए, लेकिन कीमो पॉल की गेंद पर बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में अपना विकेट गंवा बैठे। जोसेफ ने उनका कैच लपका। भारत ने सातवें ओवर में 88 रन पर चौथा विकेट गंवा दिया था और टीम को अंतिम ओवरों में तेजी से रन बनाने की जरूरत थी। ऐसे समय में धीर ने मोर्चा संभाला। उन्होंने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए कीमो पॉल की गेंदों पर दो छक्के और एक चौका जड़कर भारतीय स्कोर को तेजी से आगे बढ़ाया। दूसरी ओर, तिलक वर्मा को तेजी से रन बनाने में संघर्ष करना पड़ा।

भारत ने 7.4 ओवर में पांच विकेट पर 118 रन बना लिए थे, तभी बारिश ने दोबारा खेल रोक दिया। इसके बाद मुकाबला आगे नहीं बढ़ सका और शृंखला 2-2 से बराबर समाप्त हुई। इस शृंखला में वेस्टइंडीज ने दो बार के विश्व चैंपियन भारत को कड़ी चुनौती दी। कैरेबियाई कप्तान शाई होप सीरीज के प्रमुख बल्लेबाजों में रहे। उन्होंने चार मैचों में दो शतकों की मदद से कुल 261 रन बनाए। बारिश के कारण निर्णायक मुकाबला रद्द होने सेशृंखला का नतीजा नहीं निकल सका, लेकिन वेस्टइंडीज ने अपने प्रदर्शन से भारतीय टीम को लगातार दबाव में रखा। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Pardeep

Related News