शुभमन गिल का इंग्लैंड में धमाल, दोहरा शतक लगा तोड़ डाले सचिन, गवास्कर जैसे दिग्गजों के रिकॉर्ड
punjabkesari.in Thursday, Jul 03, 2025 - 08:14 PM (IST)

Sports Desk : भारत के युवा बल्लेबाज़ शुभमन गिल ने कप्तान बनते ही बल्ले से ऐसा जलवा दिखाया है कि रिकॉर्ड बुक में उनका नाम सुनहरे अक्षरों में दर्ज हो गया है। इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट में गिल ने 312 गेंदों में शानदार दोहरा शतक ठोकते हुए कई कीर्तिमान अपने नाम किए। दिलचस्प बात ये है कि पहले टेस्ट में भी उन्होंने शतक जमाया था।
इंग्लैंड में दोहरा शतक जड़ने वाले पहले भारतीय कप्तान
शुभमन गिल इंग्लैंड में दोहरा शतक लगाने वाले पहले भारतीय कप्तान बन गए हैं। इससे पहले किसी भी भारतीय कप्तान ने अंग्रेज़ सरज़मीं पर ये उपलब्धि हासिल नहीं की थी।
इंग्लैंड में दोहरा शतक लगाने वाले तीसरे भारतीय
गिल से पहले इंग्लैंड में दोहरा शतक लगाने वाले सिर्फ दो भारतीय बल्लेबाज़ रहे हैं। अब गिल भी इस खास सूची में शामिल हो गए हैं, और वो भी कप्तान के रूप में।
दोहरा शतक लगाने वाले छठे भारतीय कप्तान
भारतीय क्रिकेट इतिहास में अब तक सिर्फ छह कप्तानों ने टेस्ट में दोहरा शतक लगाया है। इस लिस्ट में अब शुभमन गिल का नाम भी शामिल हो गया है। उनसे पहले विराट कोहली (7 बार), सुनील गावस्कर, सचिन तेंदुलकर, महेंद्र सिंह धोनी और एक अन्य कप्तान ये कारनामा कर चुके हैं।
SENA देशों में दोहरा शतक जड़ने वाले पहले एशियाई कप्तान
गिल ने एक और बड़ा कीर्तिमान हासिल किया है। वे SENA देशों (दक्षिण अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड, ऑस्ट्रेलिया) में बतौर एशियन कप्तान दोहरा शतक बनाने वाले पहले खिलाड़ी बन गए हैं। इससे पहले तिलकरत्ने दिलशान का 193 रनों का रिकॉर्ड सबसे बड़ा स्कोर था, जो उन्होंने 2001 में लॉर्ड्स पर बनाया था।
इंग्लैंड में भारतीय द्वारा खेली गई सबसे बड़ी पारी
गिल ने इंग्लैंड में किसी भारतीय द्वारा खेली गई सबसे बड़ी टेस्ट पारी का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया है। उन्होंने सुनील गावस्कर का 1979 में ओवल में खेला गया 221 रनों का ऐतिहासिक स्कोर पीछे छोड़ दिया।