IND vs WI: रोहित-विराट को आकाश चोपड़ा का बड़ा संदेश, बोले- 'बस रन बनाते रहो'
punjabkesari.in Saturday, Sep 19, 2026 - 05:30 PM (IST)
नई दिल्ली: भारत और वेस्टइंडीज के बीच 27 सितंबर से शुरू होने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज से पहले पूर्व भारतीय क्रिकेटर आकाश चोपड़ा ने रोहित शर्मा और विराट कोहली को लेकर बड़ा बयान दिया है। 2027 वनडे विश्व कप को देखते हुए चोपड़ा ने कहा कि दोनों अनुभवी खिलाड़ियों से सबसे बड़ी उम्मीद यही है कि वे लगातार रन बनाते रहें और टीम को मैच जिताते रहें।
2027 वर्ल्ड कप से पहले रोहित-विराट पर बड़ी जिम्मेदारी
भारत का घरेलू सीजन 27 सितंबर से वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज के साथ शुरू होगा। बीसीसीआई ने इस सीरीज के लिए 15 सदस्यीय टीम का ऐलान किया है, जिसमें रोहित शर्मा और विराट कोहली की वापसी हुई है।
जियोहॉटस्टार के 'फॉलो द ब्लूज़' कार्यक्रम में जियोस्टार एक्सपर्ट आकाश चोपड़ा ने रोहित और विराट की भूमिका पर बात करते हुए कहा, 'अब वर्ल्ड कप में सिर्फ एक साल का समय बचा है और मुझे पता है कि अगर रोहित और कोहली लय में आ जाते हैं, तो वे रन बनाएंगे, आपको मैच जिताएंगे और संभवत: ट्रॉफियां भी जिताएंगे। इसलिए इस नजरिए से रोहित और कोहली से सिर्फ एक ही उम्मीद है- रन बनाते रहो।'
केएल राहुल बने वनडे टीम के उपकप्तान
पूर्व भारतीय क्रिकेटर और जियोस्टार एक्सपर्ट पार्थिव पटेल ने वनडे टीम में हुए बदलावों पर बात की। उन्होंने खास तौर पर केएल राहुल को उपकप्तान बनाए जाने का जिक्र किया।
पार्थिव पटेल ने कहा, 'उपलब्ध खिलाड़ियों के साथ आपको अपनी टीम का अधिकतम फायदा उठाने की कोशिश करनी होती है। सबसे बड़ा बदलाव जो नजर आता है, वह यह है कि श्रेयस अय्यर की जगह केएल राहुल को उपकप्तान बनाया गया है, क्योंकि श्रेयस अय्यर एशियन गेम्स में हिस्सा लेंगे।'
ध्रुव जुरेल को मौका, पंत की जगह पर चर्चा
पार्थिव पटेल ने ध्रुव जुरेल के चयन को भी महत्वपूर्ण बदलाव बताया। इसके साथ ही उन्होंने वनडे टीम में ऋषभ पंत की स्थिति को लेकर भी सवाल उठाया। ऋषभ पंत फिलहाल टेस्ट क्रिकेट में भारतीय टीम के महत्वपूर्ण खिलाड़ियों में शामिल हैं, लेकिन वनडे टीम में उन्हें जगह नहीं मिली है। ऐसे में सीमित ओवरों के सेटअप में उनकी भूमिका को लेकर चर्चा जारी है।
रवींद्र जडेजा की वापसी पर आकाश चोपड़ा की नजर
रवींद्र जडेजा की वनडे टीम में वापसी भी आकाश चोपड़ा के लिए अहम मुद्दा रही। उन्होंने नितीश कुमार रेड्डी को एशियन गेम्स की टीम से निकालकर वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए शामिल किए जाने को भी महत्वपूर्ण फैसला बताया। चोपड़ा ने कहा, 'मेरे हिसाब से एक बड़ा हाइलाइट नितीश कुमार रेड्डी को एशियन गेम्स से निकालकर यहां खिलाना था। अगर किसी दिन हार्दिक पंड्या उपलब्ध नहीं होते हैं, तो टीम को ऐसा खिलाड़ी चाहिए जो तेज गेंदबाजी कर सके और बल्लेबाजी भी कर सके।'
ऑलराउंडर की जगह के लिए कड़ी टक्कर
आकाश चोपड़ा ने कहा कि रवींद्र जडेजा को बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों विभागों में प्रभाव छोड़ना होगा। उन्होंने वर्ल्ड कप टीम में ऑलराउंडरों के बीच जगह को लेकर प्रतिस्पर्धा की ओर भी इशारा किया। उन्होंने कहा, 'वर्ल्ड कप के नजरिए से आपके पास अक्षर पटेल, रवींद्र जडेजा और वॉशिंगटन सुंदर हैं और इन सभी का दक्षिण अफ्रीका जाना तय नहीं है। इसलिए किसी न किसी खिलाड़ी को बाहर रहना होगा। ऐसे में जब भी आपको मौका मिले, आपको दोनों हाथों से उस मौके को पकड़ना होगा।'
ऋषभ पंत को लेकर क्या बोले आकाश चोपड़ा?
आकाश चोपड़ा ने ऋषभ पंत की मौजूदा स्थिति को भी अलग तरह का मामला बताया। उन्होंने कहा, 'ऋषभ पंत एक बहुत अलग और अनोखा मामला हैं। वह टेस्ट क्रिकेट खेल रहे हैं और रेड-बॉल टीम के बहुत महत्वपूर्ण सदस्य हैं। वहां भी उनसे उपकप्तानी की जिम्मेदारी ले ली गई। लेकिन वनडे क्रिकेट में बिना खेले ही उन्हें विदाई दे दी गई है।' चोपड़ा ने यह भी कहा कि ऋषभ पंत को रेस्ट ऑफ इंडिया टीम का कप्तान बनाया जाना बताता है कि रेड-बॉल क्रिकेट में टीम के लिए उनकी अहमियत बरकरार है। हालांकि, मौजूदा चयन समिति ने वनडे क्रिकेट में पंत को लेकर अपनी स्थिति स्पष्ट कर दी है।
यशस्वी जायसवाल और ऋतुराज गायकवाड़ भी रेस में
2027 वनडे विश्व कप को ध्यान में रखते हुए आकाश चोपड़ा ने भारत के रिजर्व विकल्पों पर भी चर्चा की। उन्होंने यशस्वी जायसवाल और ऋतुराज गायकवाड़ के बीच मौजूद प्रतिस्पर्धा का जिक्र किया। दोनों बल्लेबाज वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम में शामिल हैं और जब भी उन्हें मौका मिला है, उन्होंने रन बनाकर अपनी दावेदारी पेश की है।
औकिब नबी को अब भी मौके का इंतजार
आकाश चोपड़ा ने जम्मू-कश्मीर के तेज गेंदबाज औकिब नबी का भी जिक्र किया। औकिब भारतीय टीम के साथ यात्रा कर रहे हैं, लेकिन अभी तक उन्हें प्लेइंग इलेवन में खेलने का मौका नहीं मिला है। वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज 27 सितंबर से 3 अक्टूबर तक खेली जाएगी। सीरीज के सभी मुकाबलों का लाइव प्रसारण जियोहॉटस्टार और स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर किया जाएगा।
भारत बनाम वेस्टइंडीज वनडे सीरीज
पहला वनडे - 27 सितंबर
दूसरा वनडे - 30 सितंबर
तीसरा वनडे - 3 अक्टूबर.

