ENG vs IND : अभिषेक नायर ने पहले वनडे के लिए भारत की प्लेइंग 11 चुनी, इन दो खिलाड़ियों को किया बाहर

punjabkesari.in Tuesday, Jul 14, 2026 - 11:47 AM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क : इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में क्लीन स्वीप होने के बाद अब भारतीय टीम इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में नई शुरूआत करना चाहेगी। भारत के पूर्व खिलाड़ी अभिषेक नायर ने पहले वनडे के लिए अपनी भारतीय प्लेइंग XI चुनी है जिसमें प्रसिद्ध कृष्णा और वाशिंगटन सुंदर को जगह नहीं मिल पाई। 

भारत और इंग्लैंड के बीच तीन मैचों की सीरीज का पहला वनडे मंगलवार 14 जुलाई को बर्मिंघम में खेला जाएगा। मेहमान टीम के 15 सदस्यीय स्क्वाड में कृष्णा पांच स्पेशलिस्ट सीमर्स में से एक हैं जबकि वाशिंगटन तीन फ्रंटलाइन स्पिनरों में से एक हैं। स्टार स्पोर्ट्स के शो 'फॉलो द ब्लूज' पर बात करते हुए नायर ने कहा कि जहां रोहित शर्मा, शुभमन गिल, विराट कोहली और श्रेयस अय्यर टॉप चार में होंगे, वहीं केएल राहुल, अक्षर पटेल और शिवम दुबे को नंबर 5 से 7 के बीच जरूरत के हिसाब से बदला जा सकता है। 

उन्होंने कहा, 'रोहित शर्मा, शुभमन गिल और विराट कोहली - इसमें कोई शक नहीं। श्रेयस अय्यर नंबर 4 पर। उप-कप्तान का होना जरूरी है। मेरे लिए केएल राहुल और अक्षर पटेल को स्थिति के आधार पर बदला जा सकता है, अगर आप चाहते हैं कि कोई बाएं हाथ का बल्लेबाज आए या शिवम दुबे आएं। मैं अपने बैटिंग ऑर्डर में थोड़ी ऐसी ही विविधता चाहता हूं।' 

भारत के पूर्व ऑलराउंडर का मानना ​​है कि वाशिंगटन की जगह दुबे और कुलदीप यादव को खेलना चाहिए और कृष्णा की जगह गुरनूर बरार को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। नायर ने कहा, 'मेरे लिए, शिवम दुबे - आपके इकलौते सीम-बॉलिंग ऑलराउंडर - इंग्लैंड में उनकी जरूरत होगी। अगर वह अपनी लाइन और लेंथ सही रख पाते हैं तो वनडे फॉर्मेट उनके लिए फायदेमंद होगा। उसके बाद कुलदीप यादव और जसप्रीत बुमराह इसमें कोई शक नहीं। गुरनूर ऐसे खिलाड़ी हैं जिन्हें लेकर मैं उत्साहित हूं। 140-145 से ज्यादा की रफ्तार और बाउंस, वह 'एक्स-फैक्टर' जिसे आप निखारना चाहते हैं, और वह थोड़ी बल्लेबाजी भी कर सकते हैं।' 

इंग्लैंड बनाम भारत पहले वनडे के लिए अभिषेक नायर की भारतीय XI :

रोहित शर्मा, शुबमन गिल, विराट कोहली, श्रेयस लायर, केएल राहुल, अक्षर पटेल, शिवम दुबे, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, गुरनूर बराड़, अर्शदीप सिंह 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Sanjeev

Related News