संन्यास की चर्चा के बीच रोहित शर्मा पर भारतीय कोच का बड़ा बयान, मैं यह शब्द इस्तेमाल नहीं करूंगा...
punjabkesari.in Friday, Jul 17, 2026 - 11:33 AM (IST)
स्पोर्ट्स डेस्क : भारत के बैटिंग कोच सितांशु कोटक ने इस बात से इनकार किया कि टीम मैनेजमेंट की तरफ से रोहित शर्मा पर कोई दबाव है। इंग्लैंड के खिलाफ शुरुआती दो वनडे मैचों में यह दाएं हाथ का बल्लेबाज अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाया है। वहीं इंडियन एक्सप्रेस की एक रिपोर्ट में दावा किया गया कि सेलेक्टर्स ने पूर्व भारतीय कप्तान को बता दिया है कि वे 2027 वर्ल्ड कप की योजनाओं का हिस्सा नहीं हैं। रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया कि 39 साल के रोहित अपने इंटरनेशनल करियर को अलविदा कह सकते हैं और रविवार को लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड पर अपना आखिरी मैच खेल सकते हैं।
कार्डिफ में खेले गए दूसरे वनडे में जिसे भारत चार विकेट से गंवा दिया, रोहित 47 गेंदों तक क्रीज पर टिके रहे और 26 रन बनाए। अनुभवी बल्लेबाज स्ट्राइक रोटेट करने में नाकाम रहे और आखिर में विल जैक्स का शिकार बने। इससे पहले एजबेस्टन में खेले गए पहले वनडे में उन्होंने सिर्फ 11 रन बनाए थे। रोहित के लिए मुश्किल यह भी है कि यशस्वी जायसवाल की मांग बढ़ रही है, क्योंकि उन्होंने भारत के लिए पिछले मैच में शतक लगाया था, फिर भी उन्हें इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज की टीम से बाहर कर दिया गया था।
वहीं कोटक ने रोहित पर किसी भी तरह के दबाव की बात से इनकार करते हुए कहा कि उन जैसे बड़े खिलाड़ी पर कभी दबाव नहीं हो सकता। उन्होंने 2024 टी20 वर्ल्ड कप जिताने वाले कप्तान का समर्थन करते हुए कहा कि इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि उन्होंने 'थ्री लायंस' (इंग्लैंड) के खिलाफ शुरुआती दो मैचों में रन नहीं बनाए। मैच के बाद कोटक ने कहा, 'देखिए, मुझे नहीं लगता कि रोहित शर्मा जैसे बड़े खिलाड़ी पर किसी तरह का दबाव हो सकता है। वह इतने अच्छे खिलाड़ी हैं कि उन्हें ऐसा महसूस नहीं होगा। हां, शुरुआती दो मैचों में उन्हें रन नहीं मिले, लेकिन मुझे नहीं लगता कि इससे कोई फर्क पड़ता है। लेकिन आज भी ऐसा लग रहा था कि शायद वह एक अच्छी पारी खेलेंगे। पर कोई बात नहीं।'
भारतीय सपोर्ट स्टाफ के सदस्य ने इस बात को भी खारिज कर दिया कि रोहित दूसरे वनडे में संघर्ष कर रहे थे। कोटक ने कहा, 'देखिए, सच कहूं तो मैंने बहुत क्रिकेट खेला है और बहुत क्रिकेट देखा है। मैंने कई बल्लेबाजों को देखा है कि किसी दिन उन्हें वह मोमेंटम नहीं मिल पाता जिसकी उन्हें तलाश होती है, और ऐसा हो सकता है। हो सकता है कि लॉर्ड्स में आप रोहित शर्मा की बिल्कुल अलग पारी देखें।'
उन्होंने आगे कहा, 'इसलिए, मैं यह नहीं कहूंगा कि वह संघर्ष कर रहे थे। हो सकता है कि जिन शॉट्स को वह आम तौर पर 'ऑन द अप' (गेंद के टप्पा खाने के तुरंत बाद) खेलते हैं, वे 'डबल बाउंस' की वजह से सहज न लगे हों। शुभमन को तेज शुरुआत मिली, फिर विराट को भी तेज शुरुआत मिली, लेकिन शायद रोहित को अपनी पसंद की गेंदें नहीं मिलीं या वह लय नहीं पकड़ पाए। मुझे ऐसा ही लगा। इसलिए, मैं ऐसा नहीं कहूंगा, क्योंकि आप निश्चित रूप से रोहित जैसे खिलाड़ी से बिल्कुल अलग पारी देख सकते हैं, और मुझे लगता है कि मैंने कई बल्लेबाजों के साथ ऐसा होते देखा है। तो, ऐसा नहीं है कि सिर्फ रोहित ही... मैं यह शब्द इस्तेमाल नहीं करूंगा कि वह संघर्ष कर रहे थे।'
रोहित 2027 वनडे वर्ल्ड कप की योजनाओं का हिस्सा नहीं
'इंडियन एक्सप्रेस' की एक रिपोर्ट में दावा किया गया कि रोहित अब 2027 वनडे वर्ल्ड कप की योजनाओं का हिस्सा नहीं हैं, और अजीत अगरकर की अगुवाई वाली समिति ने उनके भविष्य पर फैसला लेने की जिम्मेदारी खुद सीनियर बल्लेबाज पर छोड़ दी है। रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया कि समिति यशस्वी जायसवाल जैसे युवा खिलाड़ियों को मौके देना चाहती है और इसलिए पिछले हफ़्ते रोहित को अपने फैसले के बारे में बता दिया था। रोहित इस फैसले से खुश नहीं थे और उन्होंने इंग्लैंड सीरीज के दौरान BCCI अधिकारियों से इस बारे में बात भी की थी।

