''रोहित के साथ वैभव को ओपनिंग करानी चाहिए'', पूर्व भारतीय दिग्गज ने अजित अगरकर को दी बड़ी सलाह

punjabkesari.in Monday, Jul 27, 2026 - 05:34 PM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क: जिम्बाब्वे के खिलाफ टी20 सीरीज में धमाकेदार प्रदर्शन करने वाले 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी को अब वनडे टीम में शामिल करने की मांग तेज हो गई है। भारत के पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज फारुख इंजीनियर ने चयन समिति के अध्यक्ष अजित अगरकर को सलाह देते हुए कहा कि 2027 वनडे विश्व कप की तैयारी के लिए सूर्यवंशी को रोहित शर्मा के साथ ओपनिंग का मौका दिया जाना चाहिए।

'रोहित और वैभव की जोड़ी होगी सबसे बेहतर'

फारुख इंजीनियर का मानना है कि भारत को वनडे क्रिकेट में लेफ्ट-राइट ओपनिंग कॉम्बिनेशन अपनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि रोहित शर्मा टीम में हैं तो उनके साथ वैभव सूर्यवंशी को पारी की शुरुआत करनी चाहिए।

उन्होंने कहा, 'मेरे हिसाब से आदर्श स्थिति यह होगी कि रोहित शर्मा और वैभव सूर्यवंशी ओपनिंग करें। शुभमन गिल शानदार बल्लेबाज हैं और उन्हें नंबर-4 पर बल्लेबाजी करनी चाहिए।' उन्होंने आगे कहा, 'गिल ऐसे बल्लेबाज हैं जो हवा में ज्यादा शॉट नहीं खेलते। वनडे में लेफ्ट-राइट कॉम्बिनेशन काफी फायदेमंद रहता है। विराट कोहली नंबर-3 पर और गिल नंबर-4 पर उतरें, इससे भारत की बल्लेबाजी और मजबूत हो जाएगी।'

'अब वनडे टीम में मौका देने का सही समय'

फारुख इंजीनियर ने कहा कि सूर्यवंशी ने जिम्बाब्वे दौरे पर जिस तरह बल्लेबाजी की है, उसके बाद उन्हें वनडे टीम में शामिल करने में देर नहीं करनी चाहिए। उन्होंने कहा, 'मुझे लगता है कि यही सही समय है जब वैभव सूर्यवंशी को भारत की वनडे टीम में शामिल किया जाना चाहिए। लोग टी20 और वनडे में बहुत ज्यादा फर्क करते हैं, लेकिन मेरे लिए हाफ वॉली तो हाफ वॉली ही होती है। वह लगातार रन बना रहा है और उसके पास नई गेंद से बल्लेबाजी करने का आत्मविश्वास भी है।'

'मैच जिताएगा, हार नहीं'

पूर्व भारतीय खिलाड़ी ने सूर्यवंशी की आक्रामक बल्लेबाजी की तारीफ करते हुए कहा कि वह भारत को ज्यादा मैच जिताएगा। उन्होंने कहा, 'वह जितने मैच हराएगा, उससे कहीं ज्यादा मैच जिताएगा। अगर वह शुरुआत में ऐसी तेज पारी खेलता है तो बाकी बल्लेबाजों को पारी संभालने और बड़ा स्कोर बनाने का पर्याप्त समय मिल जाता है।'

'ज्यादा कोचिंग मत दीजिए, वह जीनियस है'

फारुख इंजीनियर ने चयनकर्ताओं और कोचिंग स्टाफ को सलाह दी कि सूर्यवंशी के स्वाभाविक खेल में ज्यादा बदलाव करने की कोशिश नहीं करनी चाहिए। उन्होंने कहा, 'जरा भी शॉर्ट गेंद होगी तो सूर्यवंशी उसे छक्के के लिए भेज देगा। उसने अपनी गलतियों से सीखना शुरू कर दिया है और अब संयम भी दिखा रहा है। लेकिन उसे जरूरत से ज्यादा कोचिंग मत दीजिए। वह पारंपरिक क्रिकेट मैनुअल का खिलाड़ी नहीं है। वह एक जीनियस है।' उन्होंने वेस्टइंडीज के महान बल्लेबाज विवियन रिचर्ड्स का उदाहरण देते हुए कहा, "विव रिचर्ड्स भी ऐसे ही थे। मैंने जितने बल्लेबाज देखे हैं, उनमें वह सर्वश्रेष्ठ थे। इसलिए सूर्यवंशी पर भरोसा बनाए रखिए, वह भारत के लिए लंबे समय तक बड़ी संपत्ति साबित होगा।'

जिम्बाब्वे दौरे पर रहा शानदार प्रदर्शन

वैभव सूर्यवंशी ने हाल ही में समाप्त हुई तीन मैचों की टी20 सीरीज में 151 रन बनाए और दो अर्धशतक लगाए। उनके शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द सीरीज चुना गया। उनकी आक्रामक बल्लेबाजी ने भारत को जिम्बाब्वे के खिलाफ 3-0 से क्लीन स्वीप दिलाने में अहम भूमिका निभाई।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ishtpreet Singh

Related News