8 चौके और 8 छक्के; गुजरात टाइटंस के इस बल्लेबाज ने दिल्ली प्रीमियर लीग में खेली विस्फोटक पारी
punjabkesari.in Tuesday, Aug 11, 2026 - 11:59 AM (IST)
नई दिल्ली: दिल्ली प्रीमियर लीग (DPL) 2026 में एक बार फिर ऐसा प्रदर्शन देखने को मिला, जिसने IPL में मौके का इंतजार कर रहे बल्लेबाज की प्रतिभा की याद दिला दी। गुजरात टाइटंस के विकेटकीपर-बल्लेबाज और Purani Dilli 6 के कप्तान अनुज रावत ने Outer Delhi Warriors के खिलाफ ऐसी विस्फोटक पारी खेली कि गेंदबाजों के पास उनके शॉट्स का कोई जवाब नहीं था। रावत ने महज 38 गेंदों में 92 रन ठोक दिए, जिसमें 8 चौके और 8 छक्के शामिल रहे।
9 रन पर गिरे 2 विकेट, फिर रावत ने बदला मैच
165 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी Purani Dilli 6 की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम ने सिर्फ 9 रन के स्कोर पर अपने दो विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद कप्तान अनुज रावत और आर्यन गौर ने मोर्चा संभाला और पारी को पूरी तरह पलट दिया। रावत ने शुरुआत से ही आक्रामक अंदाज अपनाया। पावरप्ले खत्म होने तक टीम का स्कोर 47/2 पहुंच चुका था। इसके बाद उन्होंने गेंदबाजों पर हमला और तेज कर दिया। आठवें ओवर में रावत ने लगातार तीन छक्के और एक चौका जड़कर मुकाबले का रुख पूरी तरह अपनी टीम की ओर मोड़ दिया।
सिर्फ 17 गेंदों में जड़ दिया अर्धशतक
अनुज रावत ने महज 17 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया, जो इस सीजन का सबसे तेज अर्धशतक रहा। उन्होंने अपनी पारी के दौरान 8 छक्के और 8 चौके लगाए। रावत और आर्यन गौर के बीच तीसरे विकेट के लिए 151 रन की शानदार साझेदारी हुई। रावत शतक के करीब पहुंच चुके थे, लेकिन 15वें ओवर में हर्ष त्यागी ने उनकी पारी का अंत कर दिया। वह 38 गेंदों में 92 रन बनाकर आउट हुए और लगातार दूसरी सेंचुरी लगाने से सिर्फ 8 रन दूर रह गए।
इसके बाद आर्यन गौर ने नाबाद 57 रन की पारी खेलते हुए टीम को लक्ष्य तक पहुंचाया। Purani Dilli 6 ने 16वें ओवर की दूसरी गेंद पर जीत हासिल की और मुकाबला 7 विकेट से अपने नाम किया। इस जीत के साथ टीम अंक तालिका में दूसरे स्थान पर पहुंच गई।
DPL में शानदार फॉर्म में रावत
अनुज रावत इस सीजन लगातार बल्ले से प्रभाव छोड़ रहे हैं। वह टूर्नामेंट के सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों में शामिल हैं और अब तक एक शतक और एक अर्धशतक लगा चुके हैं। उनकी आक्रामक बल्लेबाजी का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि उनका स्ट्राइक रेट 190 के पार रहा है। रावत की इस पारी ने यह भी दिखाया कि वह टी20 क्रिकेट में कितने खतरनाक बल्लेबाज साबित हो सकते हैं। उनकी मौजूदा फॉर्म गुजरात टाइटंस के लिए भी चर्चा का विषय बन सकती है।
IPL में मौके का इंतजार
अनुज रावत को गुजरात टाइटंस ने IPL 2026 के लिए रिटेन किया था और उनकी कीमत 30 लाख रुपये थी। हालांकि, उन्हें टीम की प्लेइंग इलेवन में नियमित मौका नहीं मिल सका। गुजरात की आधिकारिक रिटेंशन लिस्ट में रावत का नाम शामिल था। अब DPL में उनकी तूफानी बल्लेबाजी ने एक बार फिर सवाल खड़ा कर दिया है कि क्या आने वाले सीजन में उन्हें आईपीएल में ज्यादा मौके मिलने चाहिए। रावत की मौजूदा फॉर्म निश्चित तौर पर गुजरात टाइटंस के लिए अच्छी खबर है।

