IPL 2026: क्या मुंबई इंडियंस कप्तानी से हटा रही है हार्दिक पंड्या को? जानें पूरी सच्चाई
punjabkesari.in Sunday, Apr 26, 2026 - 04:36 PM (IST)
स्पोर्ट्स डेस्क : IPL 2026 में खराब प्रदर्शन के चलते मुंबई इंडियंस को लेकर बड़ी खबरें सामने आ रही थीं। सोशल मीडिया पर यह दावा किया जा रहा था कि टीम मैनेजमेंट इमरजेंसी मीटिंग कर Hardik Pandya को कप्तानी से हटाकर फिर से Rohit Sharma को जिम्मेदारी सौंप सकता है।
“कोई बदलाव नहीं होगा” — रिपोर्ट में खुलासा
हालांकि इन सभी अटकलों पर अब विराम लग गया है। रिपोर्ट के मुताबिक फ्रेंचाइजी से जुड़े एक सूत्र ने साफ किया है, 'टीम पूरी तरह एकजुट है, मैनेजमेंट कप्तान के साथ खड़ा है और कोई भी कप्तानी बदलाव फिलहाल नहीं होने जा रहा है।'
खराब प्रदर्शन से बढ़ी चर्चा
मुंबई इंडियंस का इस सीजन प्रदर्शन निराशाजनक रहा है। टीम ने 7 मैचों में सिर्फ 2 जीत दर्ज की है और पॉइंट्स टेबल में नीचे बनी हुई है। लगातार हार और कमजोर नेट रन रेट ने टीम के प्लेऑफ के रास्ते को मुश्किल बना दिया है, जिससे कप्तानी पर सवाल उठने लगे।
हार्दिक पांड्या की फॉर्म भी चिंता का विषय
कप्तान हार्दिक पांड्या का व्यक्तिगत प्रदर्शन भी उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा है। वह ना बल्ले से बड़ी पारियां खेल पाए हैं और ना ही गेंदबाज़ी में असरदार साबित हुए हैं। ऐसे में उनकी कप्तानी और फैसलों पर लगातार सवाल उठ रहे हैं।
रोहित शर्मा की वापसी की अटकलें
मुंबई इंडियंस के पूर्व कप्तान Rohit Sharma IPL इतिहास के सबसे सफल कप्तानों में से एक रहे हैं। यही वजह है कि जैसे ही टीम का प्रदर्शन गिरता है, उनके कप्तानी संभालने की चर्चा तेज हो जाती है। हालांकि फिलहाल ऐसा कोई आधिकारिक संकेत नहीं मिला है।
आगे क्या होगा?
रिपोर्ट के अनुसार टीम मैनेजमेंट का रुख साफ है कि कप्तान को पूरा समर्थन मिलेगा और ड्रेसिंग रूम में कोई मतभेद नहीं है। मुंबई इंडियंस अब छोटे ब्रेक के बाद 29 अप्रैल को Sunrisers Hyderabad के खिलाफ मैदान पर उतरेगी, जहां टीम वापसी की कोशिश करेगी।

