IND vs ENG: रविचंद्रन अश्विन का बड़ा दावा, ''रोहित, विराट और राहुल असुरक्षा में खेल रहे हैं''

punjabkesari.in Tuesday, Jul 21, 2026 - 10:09 AM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क: इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज गंवाने के बाद भारतीय टीम के प्रदर्शन पर चर्चाएं तेज हैं। इस बीच पूर्व भारतीय ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने रोहित शर्मा, विराट कोहली और केएल राहुल की बल्लेबाजी को लेकर बड़ा बयान दिया है। अश्विन का मानना है कि तीनों बल्लेबाज अपनी टीम में जगह को लेकर पूरी तरह आश्वस्त नहीं दिख रहे, जिसकी वजह से उनकी बल्लेबाजी में झिझक नजर आती है।

'रोहित 180 रन बनाकर भारत को जिता सकते थे'

लॉर्ड्स में खेले गए तीसरे और निर्णायक वनडे में भारत को 27 रन से हार का सामना करना पड़ा। हालांकि रोहित शर्मा ने शानदार 138 रन की पारी खेलकर टीम की उम्मीदें जिंदा रखीं। अश्विन का मानना है कि अगर रोहित पूरी तरह आत्मविश्वास में होते तो मैच भारत के नाम कर सकते थे। अश्विन ने कहा, 'यह शानदार पारी थी। जैसे ही रोहित ने जोश टंग की गेंद पर दमदार पुल शॉट खेला, मुझे लगा कि वह लय में आ चुके हैं। मुझे लगा कि वह चोट से वापसी के दौर में हैं। अगर उनका आत्मविश्वास थोड़ा और बेहतर होता तो वह 180 रन बनाकर भारत को मैच जिता सकते थे।'

'तीनों बल्लेबाजों में झिझक साफ दिखी'

अश्विन ने रोहित शर्मा, विराट कोहली और केएल राहुल की बल्लेबाजी पर अपनी राय रखते हुए कहा कि तीनों के खेल में हिचकिचाहट दिखाई दी। उन्होंने कहा, 'रोहित शानदार फॉर्म में थे, लेकिन विकेट आसान नहीं था। जब रोहित, विराट और केएल राहुल बल्लेबाजी कर रहे थे तो उनकी बल्लेबाजी में थोड़ी झिझक दिखाई दी। ऐसा लगा जैसे वे पूरी तरह निश्चिंत होकर नहीं खेल रहे थे।'

'शायद अपनी जगह को लेकर असुरक्षा है'

पूर्व भारतीय स्पिनर ने आगे कहा कि उन्हें ऐसा महसूस हुआ कि तीनों बल्लेबाज अपनी जगह को लेकर पूरी तरह आश्वस्त नहीं हैं और यही कारण है कि वे खुलकर बल्लेबाजी नहीं कर पा रहे। अश्विन ने कहा, 'मुझे ऐसा लगा कि रोहित, विराट और राहुल कहीं न कहीं अपनी जगह को लेकर असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। जब बल्लेबाज के मन में यह सोच रहती है तो उसके खेल में झिझक दिखाई देती है।'

रोहित और विराट ने खेली शानदार पारियां

388 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए रोहित शर्मा और विराट कोहली ने दूसरे विकेट के लिए सिर्फ 86 गेंदों में 113 रन जोड़कर भारत को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया था। रोहित ने 110 गेंदों पर 138 रन की तूफानी पारी खेली, जिसमें 17 चौके और 5 छक्के शामिल रहे। वहीं विराट कोहली ने 60 गेंदों में 74 रन बनाए, जिसमें 4 चौके और 3 छक्के शामिल थे। हालांकि दोनों के आउट होने के बाद भारतीय बल्लेबाजी लड़खड़ा गई और इंग्लैंड ने 27 रन से मुकाबला जीतकर सीरीज भी अपने नाम कर ली।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ishtpreet Singh

Related News