AUS vs SL, T20 World Cup : निसंका के शतक से श्रीलंका सुपर-8 में, ऑस्ट्रेलिया पर मंडराया खतरा
punjabkesari.in Tuesday, Feb 17, 2026 - 09:44 AM (IST)
स्पोर्ट्स डेस्क : गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के बाद पथुम निसंका (नाबाद 100) और कुसल मेंडिस (51) की विस्फोटक पारियों की बदौलत श्रीलंका ने टी-20 विश्वकप के 30वें मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया को 12 गेंद शेष रहते आठ विकेट से हरा दिया। इस जीत के साथ श्रीलंका ने सुपर-8 में अपनी जगह पक्की कर ली, जबकि ऑस्ट्रेलिया टूर्नामेंट से बाहर होने की कगार पर पहुंच गई है।निसंका को उनकी शानदार शतकीय पारी के लिए ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया।
182 रन का लक्ष्य, श्रीलंका का दमदार पीछा
182 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका की शुरुआत अच्छी नहीं रही। दूसरे ही ओवर में कुसल परेरा (1) आउट हो गए। इसके बाद निसंका और कुसल मेंडिस ने पारी को संभालते हुए दूसरे विकेट के लिए 93 रन की अहम साझेदारी की।
13वें ओवर में मार्कस स्टॉयनिस ने मेंडिस (38 गेंद, 6 चौके, 1 छक्का, 51 रन) को आउट कर साझेदारी तोड़ी।
हालांकि निसंका ने एक छोर संभाले रखा। उन्होंने 52 गेंदों में 10 चौके और 5 छक्के लगाते हुए नाबाद 100 रन बनाए। उनके साथ पवन रत्नायके ने 15 गेंदों में नाबाद 28 रन की तेज पारी खेली। श्रीलंका ने 18 ओवर में दो विकेट पर 184 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया।
मार्श-हेड की फिफ्टी, लेकिन टीम लड़खड़ाई
इससे पहले, टॉस जीतकर श्रीलंका ने पहले गेंदबाजी का फैसला किया। ऑस्ट्रेलिया की ओर से कप्तान मिचेल मार्श (54) और ट्रेविस हेड (56) ने पहले विकेट के लिए 104 रन जोड़कर मजबूत शुरुआत दी।
ट्रेविस हेड ने 29 गेंदों में 7 चौके और 3 छक्के जड़े। मार्श ने 27 गेंदों में 8 चौके और 2 छक्के लगाए।
हालांकि मध्यक्रम पूरी तरह विफल रहा। कैमरन ग्रीन (3), जॉश इंग्लिस (22) और ग्लेन मैक्सवेल (27) के अलावा कोई भी बल्लेबाज दहाई अंक तक नहीं पहुंच सका। ऑस्ट्रेलिया ने 20 ओवर में नौ विकेट पर 181 रन बनाए।
श्रीलंकाई गेंदबाजों का कमाल
श्रीलंका की ओर से दुशान हेमंता – 3 विकेट, दुश्मांता चमीरा – 2 विकेट, महीश तीक्ष्णा, दुनित वेल्लालगे और कामिंडु मेंडिस – 1-1 विकेट
मैच का नतीजा क्या कहता है?
श्रीलंका सुपर-8 में पहुंचा
ऑस्ट्रेलिया की राह मुश्किल
नेट रन रेट और अन्य टीमों के परिणाम पर टिकी उम्मीदें
प्लेइंग XI
ऑस्ट्रेलिया : मिशेल मार्श (कप्तान), ट्रैविस हेड, कैमरून ग्रीन, टिम डेविड, जोश इंग्लिस (विकेटकीपर), मार्कस स्टोइनिस, ग्लेन मैक्सवेल, कूपर कोनोली, जेवियर बार्टलेट, नाथन एलिस, एडम जम्पा
श्रीलंका : पथुम निसांका, कुसल परेरा, कुसल मेंडिस (विकेटकीपर), पवन रथनायके, दसुन शनाका (कप्तान), कामिंडू मेंडिस, दुशान हेमंथा, दुनिथ वेल्लालगे, दुष्मंथा चमीरा, महेश थीकशाना, मथीशा पथिराना

