IPL 2027: ऋषभ पंत की दिल्ली कैपिटल्स में वापसी पर अक्षर पटेल खुश, बोले- उन्हें पूरी आजादी मिलेगी
punjabkesari.in Wednesday, Jun 24, 2026 - 02:50 PM (IST)
स्पोर्ट्स डेस्क : IPL 2027 से पहले हुए बड़े ट्रेड के बाद ऋषभ पंत की दिल्ली कैपिटल्स में वापसी ने क्रिकेट जगत में चर्चा छेड़ दी है। दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान अक्षर पटेल ने अपने पुराने साथी और दोस्त ऋषभ पंत का स्वागत करते हुए कहा कि फ्रेंचाइजी में उन्हें पूरी स्वतंत्रता मिलेगी और किसी तरह का अतिरिक्त दबाव नहीं होगा।
हाल ही में हुए हाई-प्रोफाइल ट्रेड के तहत ऋषभ पंत लखनऊ सुपर जायंट्स से दिल्ली कैपिटल्स में लौटे हैं, जबकि भारतीय स्पिनर कुलदीप यादव अब लखनऊ की टीम का हिस्सा बन गए हैं।
"वह पहले भी मेरे कप्तान रहे हैं" : अक्षर पटेल
दिल्ली कैपिटल्स द्वारा साझा किए गए एक वीडियो में अक्षर पटेल ने पंत के साथ अपने रिश्ते पर खुलकर बात की। उन्होंने कहा कि जब पंत पहले दिल्ली टीम में थे, तब वह उनके कप्तान थे और दोनों के बीच हमेशा आपसी समझदारी रही है। अक्षर ने कहा, 'हमारे बीच कभी कप्तानी या सीनियर-जूनियर जैसी कोई बात नहीं रही। हम दोनों जानते हैं कि किस परिस्थिति में कौन क्या बेहतर कर सकता है। यही समझ हमारी सबसे बड़ी ताकत रही है।'
'दिल्ली उनका घर है, उन पर कोई दबाव नहीं'
अक्षर ने आगे कहा कि पंत को टीम और प्रबंधन की ओर से किसी तरह का दबाव महसूस नहीं करना चाहिए। उनके अनुसार, दिल्ली पंत का घर है और उन्होंने यहां कई साल बिताए हैं। उन्होंने कहा, 'मैं उन्हें सिर्फ इतना कहूंगा कि उन्हें मेरी तरफ से पूरी आजादी है। वह अपने खेल का आनंद लें। फॉर्म आती-जाती रहती है, लेकिन क्लास हमेशा कायम रहती है। ऋषभ उसी श्रेणी के खिलाड़ी हैं।'
ट्रेड के बाद बदली सैलरी, लेकिन उम्मीदें बरकरार
दिल्ली कैपिटल्स में वापसी के बाद ऋषभ पंत की आईपीएल सैलरी में भी बदलाव हुआ है। लखनऊ सुपर जायंट्स के साथ वह 27 करोड़ रुपये की रिकॉर्ड कीमत पर जुड़े थे, लेकिन दिल्ली में उनकी नई सैलरी 15 करोड़ रुपये तय की गई है। वहीं कुलदीप यादव 13.50 करोड़ रुपये की मौजूदा राशि के साथ लखनऊ सुपर जायंट्स का हिस्सा बने रहेंगे।
लखनऊ में नहीं चला पंत का बल्ला
ऋषभ पंत ने 2016 में दिल्ली फ्रेंचाइजी (तब दिल्ली डेयरडेविल्स) से आईपीएल करियर की शुरुआत की थी और आठ सीजन तक टीम का प्रतिनिधित्व किया। हालांकि 2025 में लखनऊ सुपर जायंट्स से जुड़ने के बाद उनका प्रदर्शन उम्मीदों के मुताबिक नहीं रहा। पिछले दो सीजन में उन्होंने 28 पारियों में सिर्फ तीन बार 50 से अधिक रन बनाए, जिसमें एक शतक और दो अर्धशतक शामिल रहे। आईपीएल 2025 में पंत ने 269 रन बनाए थे। उनका औसत 24.45 और स्ट्राइक रेट 133.16 रहा था।
दिल्ली को फिर पंत से बड़ी उम्मीदें
दिल्ली कैपिटल्स को उम्मीद है कि अपने पुराने माहौल में लौटने के बाद पंत एक बार फिर अपने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन की ओर लौटेंगे। अक्षर पटेल के भरोसे और टीम के समर्थन के साथ पंत की वापसी आगामी सीजन की सबसे बड़ी कहानियों में से एक बन सकती है।

