''उन्हें बता देना चाहिए'', रोहित शर्मा को 2027 वर्ल्ड कप में खिलाने पर रहाणे का बड़ा बयान
punjabkesari.in Sunday, Aug 09, 2026 - 12:47 PM (IST)
नई दिल्ली: पूर्व भारतीय बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे ने 2027 वनडे वर्ल्ड कप में रोहित शर्मा के खेलने को लेकर बड़ा बयान दिया है। रहाणे ने भारतीय चयनकर्ताओं से अपील की है कि रोहित को उनके भविष्य को लेकर स्पष्टता दी जानी चाहिए और उन्हें सीरीज-दर-सीरीज नहीं आंका जाना चाहिए। रहाणे का मानना है कि बड़े टूर्नामेंट में रोहित जैसे अनुभवी खिलाड़ी की मौजूदगी भारतीय टीम के लिए बेहद अहम होगी।
'रोहित को बता देना चाहिए कि वह 2027 वर्ल्ड कप खेलेंगे'
अजिंक्य रहाणे ने रोहित शर्मा के अनुभव और भारतीय क्रिकेट में उनके योगदान की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि चयनकर्ताओं को रोहित के साथ भविष्य को लेकर स्पष्ट बातचीत करनी चाहिए। रहाणे ने कहा, 'मुझे लगता है कि रोहित शर्मा को यह बताना जरूरी है कि वह 2027 वर्ल्ड कप खेलने वाले हैं। अगर आप इतने सालों में उनके योगदान को देखें तो वह शानदार रहा है। वर्ल्ड कप में आपको ऐसे खिलाड़ी के अनुभव की जरूरत होती है। यह चर्चा ही नहीं होनी चाहिए। अगर आप एक बार कह दें कि रोहित शर्मा, आप वर्ल्ड कप खेलने वाले हैं, तो बात खत्म हो जाती है। आप उन्हें सीरीज-दर-सीरीज नहीं आंक सकते, क्योंकि वह इतने बड़े खिलाड़ी हैं।'
बड़े खिलाड़ियों को मानसिक रूप से स्पष्टता जरूरी
रहाणे ने आगे कहा कि किसी भी अनुभवी खिलाड़ी के लिए मानसिक स्पष्टता बेहद महत्वपूर्ण होती है। उनके मुताबिक क्रिकेट में लय हासिल करने के लिए खिलाड़ी का दिमाग पूरी तरह स्पष्ट होना चाहिए। उन्होंने कहा, 'अगर आप किसी बड़े खिलाड़ी के साथ ऐसा व्यवहार करते हैं, तो यह समझना जरूरी है कि क्रिकेट लय का खेल है। इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि आपने कितने मैच खेले हैं, आप युवा हैं या अनुभवी खिलाड़ी हैं। अगर आपका दिमाग स्वतंत्र है, तो आप उसी मानसिकता के साथ अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर सकते हैं।'
'रोहित की क्वालिटी पर बात करने की जरूरत नहीं'
रहाणे ने रोहित की क्षमता पर सवाल उठाने को भी गलत बताया। उन्होंने कहा कि भारतीय टीम को वर्ल्ड कप जैसे बड़े टूर्नामेंट में रोहित के अनुभव की जरूरत होगी। पूर्व भारतीय बल्लेबाज ने कहा, 'रोहित की क्वालिटी के बारे में बात करने की जरूरत ही नहीं है। टीम में ऐसे अनुभव की जरूरत है, इसलिए टीम मैनेजमेंट और कप्तान के बीच इस बहस की कोई जरूरत नहीं होनी चाहिए। अगर उन्हें 2027 वर्ल्ड कप खेलना है, तो उन्हें खेलना है।'
2026 में कैसा रहा है रोहित का प्रदर्शन?
रोहित शर्मा ने 2026 में अब तक आठ वनडे मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने 37.50 की औसत और 92.5 के स्ट्राइक रेट से 300 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से एक शतक भी निकला है। इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स में खेले गए तीसरे वनडे में रोहित ने 138 रनों की शानदार पारी खेलकर अपनी फॉर्म की झलक दिखाई थी। अब सभी की नजरें 27 सितंबर से वेस्टइंडीज के खिलाफ शुरू होने वाली वनडे सीरीज पर हैं। देखना होगा कि भारतीय टीम में रोहित शर्मा को एक बार फिर मौका मिलता है या नहीं और क्या वह 2027 वनडे वर्ल्ड कप की तैयारियों का हिस्सा बनते हैं।

