2027 वर्ल्ड कप में खेलेंगे रोहित-कोहली? शिखर धवन ने कर दी बड़ी भविष्यवाणी

punjabkesari.in Saturday, Aug 08, 2026 - 11:56 AM (IST)

नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व सलामी बल्लेबाज शिखर धवन ने रोहित शर्मा और विराट कोहली के 2027 वनडे वर्ल्ड कप खेलने को लेकर बड़ा बयान दिया है। धवन का मानना है कि दोनों दिग्गजों में अभी काफी क्रिकेट बाकी है और उनकी मौजूदगी वर्ल्ड कप में टीम इंडिया के लिए बेहद फायदेमंद साबित हो सकती है।

रोहित-कोहली को लेकर धवन का बड़ा बयान

रोहित शर्मा और विराट कोहली अब सिर्फ वनडे क्रिकेट में नजर आ रहे हैं। दोनों की उम्र को देखते हुए 2027 वर्ल्ड कप में उनके खेलने को लेकर लगातार चर्चा होती रही है। हालांकि, हालिया प्रदर्शन ने दोनों के दावे को मजबूत किया है।

इंग्लैंड के खिलाफ हाल ही में खेली गई तीन मैचों की वनडे सीरीज में विराट कोहली ने दो अर्धशतक लगाए थे, जबकि रोहित शर्मा ने लॉर्ड्स में शानदार शतक जड़कर आलोचकों को अपने बल्ले से जवाब दिया था। भारत यह सीरीज 2-1 से हार गया था, लेकिन दोनों सीनियर बल्लेबाजों का प्रदर्शन चर्चा में रहा।

धवन ने कहा, 'वे दोनों दिग्गज हैं। उन्होंने देश के लिए इतने सालों तक शानदार प्रदर्शन किया है। विराट और रोहित के साथ हम सभी का रिश्ता तब से है, जब हम करीब 16 साल के थे। वे मुझसे 2-3 साल छोटे हैं। यह देखकर बहुत खुशी होती है कि वे अभी भी तैयारी कर रहे हैं।'

लॉर्ड्स शतक पर रोहित की तारीफ

शिखर धवन ने रोहित शर्मा के लॉर्ड्स शतक की भी जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि जब मुश्किल परिस्थिति आई, तो रोहित ने अपने बल्ले से इसका जवाब दिया। उन्होंने कहा, 'रोहित ने हाल ही में लॉर्ड्स में शतक लगाया। उन्होंने शानदार सेंचुरी लगाई और दिखाया कि उनका बल्ला क्या कर सकता है। वह कई सालों से ऐसा करते आ रहे हैं। जब थोड़ी मुश्किल स्थिति आई, तो उन्होंने अपने बल्ले से जवाब दिया।'

विराट कोहली की फिटनेस के मुरीद हुए धवन

धवन ने विराट कोहली की फिटनेस की भी खूब तारीफ की। उन्होंने कहा कि 37 साल की उम्र में भी कोहली जिस तरह खुद को फिट रखते हैं और लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं, वह काबिल-ए-तारीफ है। धवन ने कहा, 'विराट की जितनी तारीफ की जाए, उतनी कम है। इस उम्र में खुद को इतना फिट रखना और इतना अच्छा प्रदर्शन करना शानदार है।'

2027 वर्ल्ड कप में दोनों के खेलने पर क्या बोले धवन?

धवन ने आखिर में रोहित और कोहली को लेकर अपना भरोसा साफ जाहिर किया। उन्होंने कहा, 'मुझे पूरा यकीन है कि दोनों वर्ल्ड कप में काफी वैल्यू जोड़ेंगे और टीम को जीत दिलाने में मदद करेंगे।' धवन के इस बयान से उन फैंस को भी उम्मीद जगी है, जो 2027 वनडे वर्ल्ड कप में रोहित शर्मा और विराट कोहली को एक बार फिर भारतीय टीम की जर्सी में देखना चाहते हैं। हालांकि, वर्ल्ड कप में दोनों की जगह उनकी फिटनेस, फॉर्म और चयनकर्ताओं के फैसले पर निर्भर करेगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ishtpreet Singh

Related News