BAN vs PAK : बाबर आजम की गैरमौजूदगी पर सवाल, चयनकर्ताओं ने मांगी फिटनेस रिपोर्ट

punjabkesari.in Saturday, Mar 14, 2026 - 03:29 PM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क : पाकिस्तान क्रिकेट में Babar Azam को वनडे टीम से बाहर किए जाने को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। पाकिस्तान के चयनकर्ता Aaqib Javed ने खुलासा किया है कि बाबर आज़म ICC Men's T20 World Cup 2026 के दौरान चोटिल हो गए थे। जावेद के इस बयान के बाद मामला और उलझ गया है, क्योंकि इससे पहले टीम मैनेजमेंट की ओर से कहा गया था कि बाबर को सिर्फ आराम दिया गया है।

T20 वर्ल्ड कप में लगी थी चोट

आकिब जावेद के अनुसार बाबर आज़म को टी20 वर्ल्ड कप के दौरान चोट लगी थी और यही कारण था कि उन्हें बांग्लादेश के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज से बाहर रखा गया।

उन्होंने बताया कि जब बाबर श्रीलंका से लौटे तो टीम के डॉक्टरों ने उनकी जांच की और पाया कि उनकी चोट अभी पूरी तरह ठीक नहीं हुई है। इसी वजह से वह नेशनल टी20 टूर्नामेंट में भी हिस्सा नहीं ले पाए।

Fakhar Zaman भी लौटे अनफिट

चयनकर्ता ने यह भी खुलासा किया कि टीम के एक और अहम बल्लेबाज Fakhar Zaman भी टी20 वर्ल्ड कप के बाद फिट नहीं थे। दो प्रमुख खिलाड़ियों के एक साथ अनफिट होने के बाद चयन समिति ने Pakistan Cricket Board से इस पूरे मामले की जांच कराने की मांग की है।

टीम मैनेजमेंट पर उठे सवाल

आकिब जावेद ने टीम के हेड कोच Mike Hesson और मेडिकल स्टाफ पर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि जब खिलाड़ी वर्ल्ड कप खेलने जाते हैं तो उनकी फिटनेस और चोट की जानकारी चयनकर्ताओं को भी मिलनी चाहिए। अगर बाबर और फखर दोनों ही घायल थे तो यह जानकारी पहले क्यों नहीं दी गई।

‘आराम’ वाले बयान से बढ़ा विवाद

इससे पहले पाकिस्तान टीम के कोच माइक हेसन और कप्तान Shaheen Shah Afridi ने कहा था कि बाबर आज़म को सिर्फ आराम दिया गया है ताकि युवा खिलाड़ियों को मौका मिल सके। लेकिन अब चयनकर्ता के बयान के बाद टीम मैनेजमेंट और चयन समिति के बीच मतभेद खुलकर सामने आ गए हैं।

वर्ल्ड कप प्रदर्शन का किया बचाव

आकिब जावेद ने पाकिस्तान टीम के हालिया प्रदर्शन का भी बचाव किया। उन्होंने कहा कि टीम का बाहर होना केवल एक मैच हारने और एक मैच बारिश से धुलने के कारण हुआ था। उन्होंने यह भी कहा कि टीम ने हाल के समय में इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज जीती और ऑस्ट्रेलिया में 27 साल बाद वनडे सीरीज भी अपने नाम की, इसलिए टीम के प्रदर्शन को पूरी तरह खराब नहीं कहा जा सकता।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ishtpreet Singh

Related News