गिरोना डर्बी में बार्सिलोना को झटका, यामाल का पेनल्टी मिस पड़ा भारी
punjabkesari.in Tuesday, Feb 17, 2026 - 05:30 PM (IST)
स्पोर्ट्स डेस्क : स्पेनिश चैंपियन बार्सिलोना को गिरोना के खिलाफ 2-1 की हार का सामना करना पड़ा, जिससे वह ला लीगा तालिका में रियल मैड्रिड से दो अंक पीछे हो गई। रियल मैड्रिड ने रियल सोसिएदाद को हराकर शीर्ष स्थान हासिल किया था, लेकिन हांसी फ्लिक की टीम गिरोना के खिलाफ बढ़त कायम नहीं रख सकी।
यामाल की चूकी पेनल्टी बनी टर्निंग पॉइंट
पहले हाफ में दोनों टीमों ने आक्रामक खेल दिखाया, लेकिन गोल नहीं हो सका। बार्सिलोना को बढ़त का सुनहरा मौका तब मिला जब डानी ओल्मो को बॉक्स में गिराया गया और पेनल्टी मिली। हालांकि युवा स्टार लामिन यामाल ने स्पॉट-किक पोस्ट पर मार दी। 59वें मिनट में पाउ क्यूबर्सी ने जूल्स कुंडे के क्रॉस पर हेडर से बार्सिलोना को बढ़त दिलाई। लेकिन गिरोना ने जल्द ही वापसी कर ली।
लेमार और बेल्ट्रान ने पलटा मैच
थॉमस लेमार ने व्लादिस्लाव वानात के पास पर गोल कर स्कोर बराबर किया। इसके बाद गिरोना का आत्मविश्वास बढ़ गया। 87वें मिनट में फ्रान बेल्ट्रान ने बॉक्स के बाहर से शानदार शॉट लगाकर गिरोना को 2-1 की बढ़त दिलाई। इस गोल से पहले कुंडे पर फाउल को लेकर बार्सिलोना ने आपत्ति जताई, लेकिन रेफरी ने खेल जारी रखा।
गोलकीपर ने बचाई उम्मीद, फिर भी हार
बार्सिलोना के गोलकीपर जोन गार्सिया ने कई बेहतरीन बचाव किए, जिसमें इवान मार्टिन और वानात के खिलाफ डबल सेव भी शामिल था। इसके बावजूद टीम हार से नहीं बच सकी।
फ्लिक ने माना- ‘गिरोना जीत का हकदार’
कोच हांसी फ्लिक ने स्वीकार किया कि टीम ने खराब डिफेंस किया और गिरोना जीत का हकदार था। उन्होंने कहा कि टीम को सुधार की जरूरत है और अभी लंबा सफर बाकी है। गिरोना के कोच मिशेल सांचेज ने कहा कि बार्सिलोना के खिलाफ तीन अंक हासिल करना उनके लिए खास उपलब्धि है।

