IND vs ENG: रोहित शर्मा के संन्यास पर BCCI ने तोड़ी चुप्पी, लॉर्ड्स वनडे नहीं होगा आखिरी मैच

punjabkesari.in Saturday, Jul 18, 2026 - 10:17 AM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क : भारत और इंग्लैंड के बीच लॉर्ड्स में 19 जुलाई को खेले जाने वाले निर्णायक तीसरे वनडे से पहले रोहित शर्मा के संन्यास को लेकर चल रही अटकलों पर भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने बड़ा बयान दिया है। बोर्ड सचिव देवजीत सैकिया ने साफ कर दिया है कि रोहित शर्मा के रिटायरमेंट को लेकर किसी भी तरह की चर्चा नहीं हुई है और वह टीम इंडिया की योजनाओं का अहम हिस्सा बने रहेंगे।

रिटायरमेंट की खबरों पर BCCI का बड़ा बयान

लॉर्ड्स वनडे को रोहित शर्मा का आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच बताए जाने की खबरों को BCCI ने पूरी तरह खारिज कर दिया है। बोर्ड सचिव देवजीत सैकिया ने कहा कि इस तरह की सभी रिपोर्ट्स बेबुनियाद हैं और बोर्ड के भीतर ऐसी कोई चर्चा नहीं हुई है।

सैकिया ने PTI से बातचीत में कहा, 'मैं स्पष्ट करना चाहता हूं कि रोहित शर्मा का लॉर्ड्स में आखिरी मैच होने को लेकर कभी कोई चर्चा नहीं हुई। जब तक वह टीम की योजनाओं का हिस्सा हैं, तब तक भारत का प्रतिनिधित्व करते रहेंगे।'

खराब फॉर्म से तेज हुई थीं अटकलें

रोहित शर्मा इंग्लैंड के खिलाफ मौजूदा वनडे सीरीज के शुरुआती दो मुकाबलों में बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे। पहले मैच में उन्होंने 11 रन बनाए, जबकि दूसरे वनडे में उनके बल्ले से सिर्फ 26 रन निकले। लगातार खराब प्रदर्शन के बाद उनके भविष्य को लेकर चर्चाएं तेज हो गई थीं।

हालांकि, रोहित इससे पहले कई बार साफ कर चुके हैं कि उनका लक्ष्य 2027 वनडे विश्व कप तक भारतीय टीम के लिए खेलना है। बावजूद इसके, हालिया खराब फॉर्म ने उनके संन्यास की अफवाहों को और हवा दे दी।

मैनेजमेंट के रवैये से नाराज था बोर्ड

रिपोर्ट्स के मुताबिक, रोहित शर्मा के भविष्य को लेकर जिस तरह चर्चाएं सामने आईं, उससे BCCI शीर्ष नेतृत्व खुश नहीं था। मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर और मुख्य कोच गौतम गंभीर द्वारा इस पूरे मामले को संभालने के तरीके पर भी बोर्ड ने नाराजगी जताई।

बताया जा रहा है कि सभी पक्षों के बीच लंबी चर्चा के बाद बोर्ड सचिव देवजीत सैकिया ने खुद सामने आकर स्थिति स्पष्ट की। इस पूरे मामले को सुलझाने में BCCI के एक पूर्व वरिष्ठ अधिकारी ने भी अहम भूमिका निभाई।

रोहित क्यों हुए नाराज?

रिपोर्ट के अनुसार, रोहित शर्मा इस बात से ज्यादा नाराज थे कि निर्णायक मुकाबले से ठीक पहले उनके भविष्य को लेकर चर्चाएं सार्वजनिक हो गईं। उन्हें लगा कि इतने अनुभवी खिलाड़ी के साथ इस तरह का व्यवहार सम्मानजनक नहीं था और उन्होंने इस पर अपनी नाराजगी भी जाहिर की।

अब BCCI ने आधिकारिक तौर पर साफ कर दिया है कि रोहित शर्मा फिलहाल कहीं नहीं जा रहे हैं और जब तक वह टीम इंडिया की रणनीति का हिस्सा रहेंगे, तब तक भारतीय टीम के लिए खेलते रहेंगे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ishtpreet Singh

Related News