सूर्यकुमार यादव की जगह इस खिलाड़ी को मिली कप्तानी, BCCI ने टी20 टीम में किया बड़ा बदलाव

punjabkesari.in Saturday, Jun 06, 2026 - 03:05 PM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के लिए टी20 टीम का ऐलान कर दिया है। सबसे बड़ा फैसला कप्तानी को लेकर लिया गया है, जहां सूर्यकुमार यादव की जगह श्रेयस अय्यर को भारतीय टी20 टीम की कमान सौंपी गई है। इसके साथ ही भारतीय टी20 क्रिकेट में एक नए युग की शुरुआत हो गई है।

15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने रचा इतिहास

टीम चयन में सबसे ज्यादा चर्चा 15 वर्षीय बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी की रही, जिन्हें पहली बार भारतीय टीम में शामिल किया गया है। इसके साथ ही वैभव भारत के लिए चुने जाने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ियों में शामिल हो गए हैं। IPL 2026 में शानदार प्रदर्शन के बाद उन्हें यह बड़ा मौका मिला है।

सूर्यकुमार यादव का सफल कप्तानी कार्यकाल

टी20 विश्व कप 2024 जीतने के बाद रोहित शर्मा ने इस प्रारूप से संन्यास ले लिया था। इसके बाद सूर्यकुमार यादव को टीम की कप्तानी सौंपी गई। हार्दिक पांड्या भी कप्तानी की दौड़ में थे, लेकिन उनकी फिटनेस को लेकर चिंताओं के चलते चयनकर्ताओं ने सूर्यकुमार पर भरोसा जताया था।

कप्तान के रूप में शानदार रहा SKY का रिकॉर्ड

सूर्यकुमार यादव ने भारत के लिए 52 टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में कप्तानी की। उनकी अगुवाई में टीम ने 42 मैच जीते और सिर्फ 8 मुकाबलों में हार का सामना किया। उनका जीत प्रतिशत 80.77 रहा, जो भारतीय क्रिकेट इतिहास के सर्वश्रेष्ठ कप्तानी रिकॉर्ड में से एक माना जाता है।

श्रेयस अय्यर के सामने बड़ी चुनौती

अब श्रेयस अय्यर के सामने भारतीय टी20 टीम को नई दिशा देने की जिम्मेदारी होगी। उनका सबसे बड़ा लक्ष्य 2028 लॉस एंजिलिस ओलंपिक में भारत को स्वर्ण पदक दिलाना और 2028 टी20 विश्व कप में टीम को सफलता दिलाना होगा। क्रिकेट 2028 ओलंपिक में वापसी करने जा रहा है, ऐसे में श्रेयस पर बड़ी जिम्मेदारी रहेगी।

आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे पर खेले जाएंगे 7 मैच

भारतीय टीम आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे पर कुल सात टी20 मुकाबले खेलेगी। दौरे की शुरुआत 26 जून से होगी, जबकि अंतिम मुकाबला 11 जुलाई को खेला जाएगा। चयनकर्ता इस सीरीज के जरिए भविष्य की टीम तैयार करने की दिशा में काम कर रहे हैं।

आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के लिए भारत की टी20 टीम

श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा (उपकप्तान), संजू सैमसन (विकेटकीपर), वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर), अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, शिवम दुबे, अर्शदीप सिंह, प्रिंस यादव, मोहम्मद सिराज, वरुण चक्रवर्ती, नितीश कुमार रेड्डी, हर्षित राणा, रवि बिश्नोई।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ishtpreet Singh

Related News