IPL में बड़ा बदलाव… क्या अब बदल जाएगी टीमों की रणनीति? BCCI के नए नियम से मैदान पर एंट्री सीमित

punjabkesari.in Wednesday, Apr 08, 2026 - 11:25 PM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्कः आईपीएल 2026 के बीच भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने एक सख्त नियम लागू किया है, जिसका सीधा असर टीमों की रणनीति और ऑन-फील्ड कम्युनिकेशन पर पड़ सकता है। नए नियम के अनुसार, मैच के दौरान केवल वही 16 खिलाड़ी मैदान पर आ-जा सकेंगे, जिनका नाम आधिकारिक टीम शीट में शामिल होगा। इसके अलावा अन्य खिलाड़ी न तो मैदान में प्रवेश कर पाएंगे और न ही ड्रिंक्स, बैट या कोई संदेश लेकर खिलाड़ियों तक पहुंच सकेंगे।

सब्स्टीट्यूट खिलाड़ियों पर भी सख्ती
BCCI और IPL मैनेजमेंट ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जो खिलाड़ी इन 16 नामित खिलाड़ियों में शामिल नहीं हैं, वे किसी भी स्थिति में मैदान के पास नहीं जाएंगे। ड्रिंक्स ले जाने या मैसेज देने जैसे काम भी अब केवल चयनित खिलाड़ियों तक ही सीमित रहेंगे।

बाउंड्री लाइन पर सिर्फ 5 खिलाड़ियों की अनुमति
नए नियम के तहत, एक समय में केवल 5 खिलाड़ी ही बाउंड्री लाइन के पास मौजूद रह सकते हैं। ये खिलाड़ी टीम के 16 में शामिल हों या अन्य स्क्वॉड से, लेकिन संख्या 5 से अधिक नहीं हो सकती।

डगआउट तक सीमित रहेंगे बाकी खिलाड़ी
रिपोर्ट्स के मुताबिक, बाकी खिलाड़ियों को अब डगआउट में ही बैठना होगा। उन्हें बाउंड्री लाइन और LED विज्ञापन बोर्ड के बीच घूमने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

नियमों में सख्ती—क्लॉज 11.5.2 और 24.1.4 लागू
BCCI ने मैच प्लेइंग कंडीशंस (MPC) के क्लॉज 11.5.2 और 24.1.4 को सख्ती से लागू किया है। पहले खिलाड़ियों को कुछ छूट थी, लेकिन अब इन गतिविधियों पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है।

क्यों लिया गया यह फैसला?
हालांकि इस फैसले की आधिकारिक वजह सामने नहीं आई है, लेकिन माना जा रहा है कि मैच के दौरान अनुशासन बनाए रखने और अनावश्यक गतिविधियों को रोकने के लिए यह कदम उठाया गया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Pardeep

Related News