ऑस्ट्रेलिया को बड़ा झटका, स्टार बल्लेबाज ने वनडे वर्ल्ड कप खेलने से किया इनकार
punjabkesari.in Monday, May 25, 2026 - 11:39 AM (IST)
स्पोर्ट्स डेस्क: ऑस्ट्रेलिया के विस्फोटक बल्लेबाज टिम डेविड ने ODI क्रिकेट को लेकर बड़ा फैसला लिया है। T20 स्पेशलिस्ट माने जाने वाले डेविड ने फिलहाल वनडे क्रिकेट खेलने से खुद को अनुपलब्ध घोषित कर दिया है।
ऑस्ट्रेलियाई टीम मैनेजमेंट उन्हें 2027 ODI वर्ल्ड कप के लिए फिनिशर की भूमिका में तैयार करना चाहता था, लेकिन फिलहाल डेविड ने इस फॉर्मेट में खेलने के संकेत नहीं दिए हैं।
ऑस्ट्रेलिया टीम मैनेजमेंट की थी बड़ी योजना
ऑस्ट्रेलिया के हेड कोच एंड्रयू मैकडोनाल्ड ने पाकिस्तान के खिलाफ तीन मैचों की ODI सीरीज से पहले खुलासा किया कि टिम डेविड अभी वनडे खेलने के लिए उपलब्ध नहीं हैं।
मैकडोनाल्ड ने ESPN क्रिकइन्फो से बातचीत में कहा, 'हम इस पर नजर बनाए हुए हैं। टिम फिलहाल अपने बाकी क्रिकेट कमिटमेंट्स में व्यस्त हैं और अभी तक उन्होंने वनडे क्रिकेट खेलने की उपलब्धता नहीं जताई है। हालांकि भविष्य में इस पर बातचीत हो सकती है।'
ग्लेन मैक्सवेल के बाद फिनिशर की तलाश
ऑस्ट्रेलियाई टीम ग्लेन मैक्सवेल के ODI संन्यास के बाद नए फिनिशर की तलाश में है। टीम मैनेजमेंट को लगता है कि टिम डेविड नंबर-7 पर मैच फिनिश करने के लिए बेहतरीन विकल्प हो सकते हैं।
मैकडोनाल्ड ने कहा, 'हमने पिछले वर्ल्ड कप से पहले भी टिम को इस्तेमाल किया था। हमें लगा कि वह नंबर-7 पर फिनिशर की भूमिका निभा सकते हैं। क्या भविष्य में वह उस भूमिका का हिस्सा बन सकते हैं? शायद हां। लेकिन फिलहाल वह उपलब्ध नहीं हैं।'
2023 के बाद नहीं खेला कोई वनडे मुकाबला
टिम डेविड ने 2023 में दक्षिण अफ्रीका दौरे पर अपना वनडे डेब्यू किया था। उन्होंने कुल चार ODI मुकाबले खेले, जिसमें सिर्फ 45 रन बनाए। वही उनका आखिरी लिस्ट-A मैच भी था। हालांकि डेविड ने अभी तक वनडे क्रिकेट से संन्यास नहीं लिया है, लेकिन लंबे समय से वह सिर्फ T20 क्रिकेट पर फोकस कर रहे हैं।
लिस्ट-A क्रिकेट में शानदार रिकॉर्ड
भले ही टिम डेविड ने ज्यादा वनडे मैच नहीं खेले हों, लेकिन लिस्ट-A क्रिकेट में उनका रिकॉर्ड बेहद शानदार है। उन्होंने 20 लिस्ट-A मैचों की 18 पारियों में 790 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका औसत 60.76 और स्ट्राइक रेट 120.06 का रहा है। उनके नाम दो शतक और पांच अर्धशतक भी दर्ज हैं। टिम डेविड ने 2019 में सिंगापुर की ओर से कतर के खिलाफ लिस्ट-A डेब्यू किया था, जहां उन्होंने नंबर-4 पर बल्लेबाजी करते हुए 87 गेंदों में 75 रन बनाए थे।
ऑस्ट्रेलिया की बढ़ सकती है चिंता
2027 ODI वर्ल्ड कप दक्षिण अफ्रीका में खेला जाना है और ऑस्ट्रेलिया अपनी खिताबी रक्षा की तैयारी कर रहा है। ऐसे में टिम डेविड जैसे विस्फोटक बल्लेबाज का वनडे से दूरी बनाना टीम के लिए चिंता का विषय बन सकता है। अगर भविष्य में डेविड वनडे खेलने के लिए तैयार होते हैं, तो वह ऑस्ट्रेलिया के मिडिल ऑर्डर को नई मजबूती दे सकते हैं।

