'तो फिर आप क्यों पूछ रहे हैं?', संन्यास के सवाल पर हरमनप्रीत कौर ने रिपोर्टर को दिया करारा जवाब; Video

punjabkesari.in Monday, Jun 08, 2026 - 01:58 PM (IST)

लंदन: ICC महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 की शुरुआत से पहले 'कैप्टन्स डे' इवेंट के दौरान भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर एक रिपोर्टर के सवाल पर बुरी तरह भड़क गईं। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान जब उनसे उनके भविष्य को लेकर सवाल किया गया, तो भारतीय कप्तान ने उसे बिल्कुल भी पसंद नहीं किया। इस तीखी बातचीत का वीडियो अब इंटरनेट पर जमकर सुर्खियां बटोर रहा है।

मीडिया से बातचीत के दौरान एक रिपोर्टर ने सीधे शब्दों में पूछा, 'क्या यह आपका आखिरी वर्ल्ड कप होने जा रहा है?' इस पर हैरान होते हुए हरमनप्रीत ने तुरंत पलटवार किया और पूछा, "क्यों?" इसके बाद रिपोर्टर ने हंसते हुए बात संभालने की कोशिश की और कहा, 'बस ऐसे ही पूछ रहा था, चेक कर रहा था। खुशी है कि यह आखिरी नहीं है।'

रिपोर्टर के इस रवैये पर भारतीय कप्तान का गुस्सा और बढ़ गया और उन्होंने कड़े लहजे में पूछा, "क्या आपको लगता है कि मुझे अब खेलना बंद कर देना चाहिए?" इस पर जब रिपोर्टर ने घबराते हुए कहा, 'बिल्कुल नहीं, मैं तो बस सिर्फ चेक कर रहा था,' तो हरमनप्रीत ने उसकी बोलती बंद करते हुए आखिरी जवाब दिया, 'तो फिर आप ऐसा सवाल ही क्यों पूछ रहे हैं?'

यह पूरी बहस सोशल मीडिया पर वायरल है, लेकिन मैदान पर हरमनप्रीत का बल्ला लगातार बोल रहा है। वह टी20 इंटरनेशनल में 4,000 रन पूरे करने वाली दुनिया की तीसरी महिला क्रिकेटर बन चुकी हैं। इसके साथ ही, आगामी 14 जून को पाकिस्तान के खिलाफ होने वाले मैच में सिर्फ 1 रन बनाते ही वह मिताली राज को पीछे छोड़कर टी20 वर्ल्ड कप में भारत के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाज भी बन जाएंगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ishtpreet Singh

Related News