कपिल देव से लेकर हरमनप्रीत कौर तक, ये खिलाड़ी रहे विश्व कप फाइनल में भारतीय टीम के कप्तान
punjabkesari.in Sunday, Nov 02, 2025 - 04:53 PM (IST)
नवी मुंबई: भारतीय महिला टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने इतिहास रचते हुए खुद को एक खास सूची में शामिल कर लिया है। उन्होंने भारत को आईसीसी वनडे विश्व कप फाइनल तक पहुंचाने वाली छठी भारतीय कप्तान बनने का गौरव हासिल किया है।
उनसे पहले यह उपलब्धि कपिल देव, सौरव गांगुली, मिथाली राज, एमएस धोनी और रोहित शर्मा जैसे दिग्गज कप्तान हासिल कर चुके हैं।
कपिल देव ने 1983 में वेस्टइंडीज को हराकर भारत को पहली बार विश्व कप दिलाया था। इसके बाद सौरव गांगुली की अगुवाई में टीम इंडिया 2003 में फाइनल तक पहुंची थी।
महिला क्रिकेट में मिथाली राज ने 2005 और 2017 दोनों विश्व कप में भारतीय टीम को फाइनल तक पहुंचाकर नया इतिहास रचा था।
वहीं 2011 में एमएस धोनी ने भारत को दूसरी बार विश्व कप जीताया। हाल ही में रोहित शर्मा ने 2023 के पुरुष वनडे विश्व कप में टीम इंडिया को फाइनल तक पहुंचाया था।
अब हरमनप्रीत कौर ने इस गौरवशाली सूची में अपना नाम जोड़ते हुए महिला टीम को फाइनल में पहुंचाकर इतिहास के नए पन्ने में अपनी जगह बना ली है। हरमनप्रीत और उनकी टीम अब खिताब जीतकर उस अधूरे सपने को पूरा करने के इरादे से मैदान में उतरेंगी, जो भारतीय महिला क्रिकेट लंबे समय से देख रहा है।

