IND vs ENG: कप्तान श्रेयस अय्यर का बड़ा खुलासा, सूर्यकुमार यादव से मिली कप्तानी की सीख

punjabkesari.in Wednesday, Jul 01, 2026 - 04:37 PM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क: इंग्लैंड दौरे पर रवाना होने से पहले भारत के नए टी20 कप्तान श्रेयस अय्यर ने रोहित शर्मा और सूर्यकुमार यादव से लंबी बातचीत की। अय्यर ने बताया कि दोनों अनुभवी खिलाड़ियों ने उन्हें कप्तानी और टीम को संभालने को लेकर अहम सुझाव दिए। उन्होंने कहा, 'रोहित शर्मा से बात करना ऐसा है जैसे अपने बड़े भाई से बात करना। उन्होंने मेरे घरेलू क्रिकेट के दिनों से हमेशा मेरा मार्गदर्शन किया है, इसलिए उनसे बात करना हमेशा आसान रहता है।'

सूर्यकुमार ने टीम मैनेजमेंट और खिलाड़ियों को लेकर दिए इनपुट

अय्यर ने खुलासा किया कि सूर्यकुमार यादव ने उन्हें टीम मैनेजमेंट के काम करने के तरीके और खिलाड़ियों के व्यवहार को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने कहा, 'सूर्या ने मुझे बताया कि मैनेजमेंट किस तरह काम करता है और अलग-अलग परिस्थितियों में खिलाड़ी कैसे प्रतिक्रिया देते हैं। उनसे काफी अच्छी बातचीत हुई और उनसे सीखने के लिए बहुत कुछ मिला।'

कप्तानी मिलना अय्यर के लिए नहीं था हैरानी की बात

श्रेयस अय्यर ने कहा कि लंबे समय तक टी20 टीम से बाहर रहने के बावजूद कप्तानी मिलना उनके लिए चौंकाने वाला नहीं था। आईपीएल 2026 में पंजाब किंग्स की शानदार कप्तानी के बाद उन्हें इस मौके की उम्मीद थी। अय्यर ने माना कि उनका प्रदर्शन और नेतृत्व ही इस जिम्मेदारी की सबसे बड़ी वजह बना।

आयरलैंड दौरे की हार से मिली सीख

टी20 कप्तान के रूप में अय्यर की शुरुआत अच्छी नहीं रही। भारत को आयरलैंड के खिलाफ 2-0 से सीरीज गंवानी पड़ी और अय्यर बल्ले से भी सिर्फ 13 रन ही बना सके। हालांकि उन्होंने इसे सीखने का मौका बताया। उन्होंने कहा कि टीम को एक-दूसरे पर भरोसा रखना होगा और आगे आक्रामक व निडर क्रिकेट खेलना होगा।

गौतम गंभीर की सोच के साथ आगे बढ़ना चाहते हैं अय्यर

अय्यर ने कहा कि वह मुख्य कोच गौतम गंभीर की उस सोच से पूरी तरह सहमत हैं कि भारतीय टी20 क्रिकेट अब एक नए दौर में प्रवेश कर रहा है। उनका लक्ष्य टीम को ऐसा बनाना है जो हर मैच में विपक्षी पर दबाव बनाए और जीत की मानसिकता के साथ मैदान पर उतरे।

इंग्लैंड के खिलाफ नई शुरुआत का मौका

आयरलैंड में मिली हार के बाद अब भारत और इंग्लैंड दोनों टीमें नई शुरुआत की तलाश में हैं। भारत जहां अपनी पिछली हार को पीछे छोड़ना चाहता है, वहीं इंग्लैंड भी न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज हारने और बेन स्टोक्स के संन्यास के बाद दबाव में है। ऐसे में डरहम में शुरू होने वाली पांच मैचों की टी20 सीरीज दोनों टीमों के लिए बेहद अहम मानी जा रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ishtpreet Singh

Related News