चैंपियंस ट्रॉफी की 5 बेस्ट पारियों जब भारतीय बल्लेबाजों ने मचा दिया धमाल
punjabkesari.in Monday, Feb 17, 2025 - 05:23 PM (IST)

खेल डैस्क : बहुप्रतीक्षित चैंपियंस ट्रॉफी (सीटी) 2025 क्रिकेट टूर्नामेंट 19 फरवरी को पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के बीच मैच के साथ शुरू होगा। मेगा टूर्नामेंट कई महीनों से सुर्खियों में रही है और अब समर्थक मैदान में इसकी शुरुआत का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। भारत ने पहली बार साल 2002 में टूर्नामेंट जीता था जब पहली बार श्रीलंका के साथ संयुक्त विजेता बने थे। इसके बाद साल 2013 में टूर्नामेंटजीता। 2017 फाइनल में उन्हें पाकिस्तान से हार झेलनी पड़ी थी। अब भारतीय टीम एक बार फिर से दावेदार के तौर पर उतरेगी। टीम इंडिया ने अपने सभी मैच संयुक्त अरब अमीरात में खेलने हैं। इस बीच आइए आपको बताते हैं चैंपियंस ट्रॉफी में भारतीय बल्लेबाजों द्वारा खेली गई 5 बेस्ट पारियों के बारे में-
सचिन तेंदुलकर - 141 बनाम ऑस्ट्रेलिया (1998)
ढाका में खेले गए तीसरे क्वार्टर फाइनल मैच में तेंदुलकर ने 128 गेंदों पर 141 रनों की शानदार पारी खेली, जिसमें 13 चौके और 3 छक्के शामिल थे। उनकी पारी की बदौलत भारत ने पहले खेलते हुए 307/8 रन बनाए। यह बड़ा लक्ष्य टीम इंडिया के काम आया। ऑस्ट्रेलिया लक्ष्य तक पहुंच नहीं पाई और 44 रन से मैच गंवा लिया। ऑस्ट्रेलिया के लिए मार्क वॉ ने 74 रन बनाए। भारत की ओर से सचिन ने शतक बनाने के बाद 38 रन देकर 4 विकेट भी लीं।
सौरव गांगुली - 141 बनाम दक्षिण अफ्रीका (2000)
गांगुली ने नैरोबी में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सेमीफाइनल में नाबाद 141 रन बनाए। उनकी पारी में 11 चौके और 6 गगनचुंबी छक्के शामिल रहे। इससे भारत ने 295/6 का स्कोर बनाया। उक्त मैच में गांगुली ने बल्ले के बाद गेंद से भी बेहतरीन प्रदर्शन किया। वह प्लेयर ऑफ द मैच रहे। साऊथ अफ्रीका ने 95 रन से मैच गंवा दिया। भारत ने जीत के साथ फाइनल में प्रवेश किया।
सौरव गांगुली - 117 बनाम न्यूजीलैंड (2000)
नैरोबी के ही मैदान पर उसी टूर्नामेंट के फाइनल में भारत और न्यूजीलैंड आमने सामने हुए। गांगुली ने एक और शतक बनाया उन्होंने 130 गेंदों पर 11 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 117 रन बनाए और टीम स्कोर 264 तक ले गए। न्यूजीलैंड लक्ष्य का पीछा करने में सफल रहा। मध्यक्रम में क्रिस केंस ने 103 रन बनाकर अपनी टीम को जीत दिला दी। लेकिन मुश्किल पिच पर पहली पारी में गांगुली ने जिस तरह बल्लेबाज की उसे काफी सराहा गया।
शिखर धवन - 125 बनाम श्रीलंका (2017)
द ओवल में श्रीलंका के खिलाफ शिखर धवन की 128 गेंदों में 125 रन की पारी विशेष आकर्षण का कारण रही। उन्होंने एक पारी में 15 चौके और 1 छक्का लगाया, जहां भारत ने 321/6 का स्कोर बनाया। लेकिन श्रीलंका ने गुणातिलके, कुसल मेंडिस और एंजेलो मैथ्यूज के अर्धशतकों की बदौलत 7 विकेट से जीत हासिल कर ली।
रोहित शर्मा - 123 बनाम बांग्लादेश (2017)
बांग्लादेश के खिलाफ सेमीफाइनल मुकाबले में रोहित शर्मा ने 129 गेंदों पर 123* रन की मैच जिताऊ पारी खेली। उनकी पारी में 15 चौके और 2 छक्के शामिल थे। इससे पहले बांगलादेश ने तमीम के 70, रहीम के 61 रनों की बदौलत 264 रन बनाए थे। जवाब में भारत की शुरूआत अच्छी रही। धवन ने 34 गेंदों पर 46 रन बनाए। इसके बाद रोहित ने 123 तो विराट कोहली ने 78 गेंदों पर 96 रन बनाकर टीम को 9 विकेट से जीत दिला दी।