खेल रत्न के लिए होगा दिलचस्प मुकाबला, कोहली को मिल सकती है इस खिलाड़ी से टक्कर

punjabkesari.in Monday, Apr 30, 2018 - 07:31 PM (IST)

नई दिल्लीः भारतीय क्रिकेट कप्तान और दुनिया के सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाजों में विराट कोहली, गोल्ड कोस्ट राष्ट्रमंडल खेलों में दो स्वर्ण सहित चार पदक जीतने वाली पहली भारतीय टेबल टेनिस खिलाड़ी मणिका बत्रा तथा स्टार भाला फेंक एथलीट नीरज चोपड़ा का नाम देश के सर्वोच्च खेल पुरस्कार राजीव गांधी खेल रत्न के लिए नामित किए जाने के बाद इस पुरस्कार के लिए मुकाबला बेहद दिलचस्प हो गया है। देश के सर्वाेच्च पुरस्कार के लिए तीन बेहतरीन खिलाड़ियों के नाम आ चुके हैं और खेल मंत्रालय को इस बार खेल रत्न चुनने के लिए काफी जद्दोजहद करनी पड़ेगी। 

पिछली बार 4 खिलाड़ियों को मिला था खेल रत्न
आमतौर पर गैर ओलंपिक वर्ष में सिर्फ एक खिलाड़ी को खेल रत्न पुरस्कार दिए जाने की सरकार की नीति है और ओलंपिक वर्ष में ही एक से अधिक खिलाड़ी को खेल रत्न पुरस्कार दिया जाता है।  हालांकि पिछला साल अपवाद रहा था और पैरा एथलीट देवेंद्र झांझरिया तथा पूर्व हॉकी कप्तान सरदार सिंह को संयुक्त रूप से खेल रत्न सम्मान दिया गया था। इससे पहले 2016 के ओलंपिक वर्ष में चार खिलाड़ियों पीवी सिंधू, दीपा करमाकर, जीतू राय और साक्षी मलिक को संयुक्त रूप से खेल रत्न पुरस्कार मिला था। इनमें से सिंधू और साक्षी ने ओलंपिक पदक जीते थे जबकि जीतू और दीपा का प्रदर्शन शानदार रहा था। वर्ष 2016 में विराट का नाम खेल रत्न के लिए नामित किया गया था लेकिन ओलंपिक वर्ष होने के कारण उनपर इस सम्मान के लिए विचार नहीं हुआ था। 

कोहली को मिल सकती है इस खिलाड़ी से टक्कर
विराट 2017 की अपनी शानदार उपलब्धियों के लिए इस पुरस्कार के सबसे प्रबल दावेदार बनते हैं लेकिन पिछले वर्ष इंग्लैंड में हुई चैंपियंस ट्रॉफी में फाइनल में पाकिस्तान से मिली हार विराट के आड़े आ सकती है। इस एक फाइनल को छोड़ दिया जाए तो विराट ने कप्तानी और बल्ले से काफी बेहतरीन प्रदर्शन किया था। यदि वह खेल रत्न जीतने में कामयाब हो जाते हैं तो वह यह सम्मान पाने वाले मात्र तीसरे क्रिकेटर होंगे। उनसे पहले वर्ष 1998 में सचिन तेंदुलकर और वर्ष 2007 में महेंद्र सिंह धोनी को खेल रत्न दिया गया था। 29 वर्षीय विराट को वर्ष 2017 मेें पद्मश्री और वर्ष 2013 में अर्जुन अवार्ड से नवाजा गया था। विराट की राह में सबसे बड़ी बाधा 22 साल की टेबल टेनिस खिलाड़ी मणिका बत्रा बन सकती हैं। हालांकि भारतीय टेबल टेनिस महासंघ(टीटीएफआई) ने मणिका का नाम अर्जुन पुरस्कार के लिये भेजा था लेकिन उसने साथ में यह भी कहा है कि वह मणिका का नाम खेल रत्न के लिए भी भेज सकता है।
PunjabKesari
22 साल की मणिका ने गोल्ड कोस्ट में इसी माह समाप्त हुये राष्ट्रमंडल खेलों में चार पदक जीते थे और 218 सदस्यीय दल में सबसे सफल एथलीट रही थीं। टीटीएफआई ने मणिका के नाम की बेशक अर्जुन पुरस्कार के लिए सिफारिश की हो लेकिन मणिका सही मायनों में खेल रत्न की दावेदार बनती हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Punjab Kesari

Recommended News

Related News