IPL 2024 : लखनऊ और मुंबई के मुकाबले में राहुल पर नजरें, ये हो सकती है प्लेइंग 11

punjabkesari.in Monday, Apr 29, 2024 - 03:40 PM (IST)

लखनऊ : टी20 विश्व कप के लिए भारतीय टीम के चयन से पहले केएल राहुल के लिए दूसरे विकेटकीपर के रूप में चयन का दावा पुख्ता करने का एक और मौका होगा जब उनकी कप्तानी वाली लखनऊ सुपर जाइंट्स इंडियन प्रीमियर लीग के मैच में मंगलवार को मुंबई इंडियंस से खेलेगी। टी20 क्रिकेट में राहुल का स्ट्राइक रेट चिंता का सबब रहा है। पावरप्ले में फील्डिंग पाबंदियों के बावजूद राहुल आईपीएल में धीमी शुरूआत करते आए हैं। उन्होंने हालांकि इस सत्र में इसमें बदलाव किया। 

अभी तक वह 2024 सत्र में 144.27 की औसत से 378 रन बना चुके हैं। वैसे ऋषभ पंत का स्ट्राइक रेट 160.60 और संजू सैमसन का 161.08 रहा है। पंत की जगह टी20 विश्व कप टीम में लगभग पक्की है चूंकि विकेटकीपिंग और बल्लेबाजी दोनों में उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया है। वहीं राजस्थान रॉयल्स के लिये आक्रामक पारियां खेलकर संजू ने भी अपना दावा मजबूती से रखा है। ऐसे में राहुल को अधिक आक्रामक खेलना होगा ताकि उनकी टीम बड़ा स्कोर बना सके और वह भी अपना दावा मजबूत कर सके। 

लखनऊ को पिछले मैच में राजस्थान रॉयल्स ने सात विकेट से हराया था। अब क्विंटोन डिकॉक, मार्कस स्टोइनिस और निकोलस पूरन पर तेजी से रन बनाने की जिम्मेदारी होगी। उनके सामने मुंबई का गेंदबाजी आक्रमण है जिसे दिल्ली कैपिटल्स के बल्लेबाजों ने रविवार को मैदान के चारों ओर धुना था। युवा जैक फ्रेसर मैकगुर्क के स्ट्रोक्स का मुंबई के गेंदबाजों के पास कोई जवाब नहीं था। जसप्रीत बुमराह जैसे विश्व स्तरीय गेंदबाज ने भी 19 रन पहले ओवर में दे डाले। ल्यूक वुड और हार्दिक पंड्या तो काफी महंगे साबित हुए। 

मुंबई की टीम अंकतालिका में नौवे स्थान पर है और प्लेआफ की दौड़ में बने रहने के लिए उसे सारे मैच जीतने होंगे। भारतीय कप्तान रोहित शर्मा और टी20 में नंबर एक बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव से उम्दा पारियों की उम्मीद होगी। इस सत्र में बल्ले और गेंद दोनों से नाकाम रहे हार्दिक को विश्व कप टीम में जगह बनाने के लिये अच्छा प्रदर्शन करना होगा। 

संभावित प्लेइंग 11 : 

लखनऊ सुपर जाइंट्स : क्विंटन डी कॉक, केएल राहुल (कप्तान और विकेटकीपर), मार्कस स्टोइनिस, निकोलस पूरन, दीपक हुडा, आयुष बदोनी, क्रुणाल पंड्या, मैट हेनरी, रवि बिश्नोई, मोहसिन खान, यश ठाकुर

मुंबई इंडियंस : रोहित शर्मा, इशान किशन (विकेटकीपर), सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या (कप्तान), टिम डेविड, मोहम्मद नबी, पीयूष चावला, ल्यूक वुड, जसप्रीत बुमराह, नुवान तुषारा

समय : शाम 7.30 से बजे। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Sanjeev

Recommended News

Related News