PAK vs SL : आखिरी ओवर में 2 डॉट बॉल पड़े भारी, कप्तान शनाका पर भड़के कोच मलिंगा, देखें VIDEO

punjabkesari.in Sunday, Mar 01, 2026 - 02:38 PM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क : टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 मुकाबले में पाकिस्तान के खिलाफ रोमांचक मैच में श्रीलंका को 5 रन से हार का सामना करना पड़ा। 213 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए कप्तान दासुन शनाका ने विस्फोटक पारी खेली, लेकिन आखिरी दो गेंदों पर छक्का नहीं लगा सके। मैच खत्म होते ही श्रीलंका के फास्ट बॉलिंग कंसल्टेंट लसित मलिंगा और शनाका के बीच तीखी बहस देखने को मिली, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

आखिरी ओवर का ड्रामा

अंतिम ओवर में शनाका ने एक चौका और लगातार तीन छक्के जड़ दिए। जीत के लिए आखिरी दो गेंदों पर 6 रन चाहिए थे। शाहीन अफरीदी ने फुल और वाइड गेंद डाली। शनाका पहली गेंद पर रिवर्स स्कूप खेलने से चूके। आखिरी गेंद को वाइड समझकर शॉट नहीं खेला, लेकिन अंपायर ने उसे लीगल बॉल करार दिया। लगातार दो डॉट बॉल के साथ श्रीलंका 207/6 तक ही पहुंच सकी और 5 रन से मैच हार गई।

मलिंगा क्यों हुए नाराज़?

मैच के बाद ड्रेसिंग रूम लौटते समय मलिंगा ने शनाका से नाराजगी जताई। उनका मानना था कि कप्तान को आखिरी दो गेंदों पर बेहतर फैसला लेना चाहिए था। दोनों के बीच मैदान पर ही तीखी बातचीत देखी गई।

हार के बावजूद रिकॉर्ड बना गए शनाका

हार के बावजूद शनाका ने रिकॉर्ड बुक में अपना नाम दर्ज करा लिया। उन्होंने 31 गेंदों में नाबाद 76 रन बनाए, जिसमें 8 छक्के और 2 चौके शामिल थे। यह टी20 वर्ल्ड कप में नंबर सात या उससे नीचे किसी बल्लेबाज का सबसे बड़ा स्कोर है, साथ ही एक पारी में किसी श्रीलंकाई बल्लेबाज द्वारा सबसे ज्यादा छक्कों का रिकॉर्ड भी उनके नाम हो गया।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ishtpreet Singh

Related News