IPL 2026: संजू सैमसन की एंट्री से बदली रणनीति, CSK की नई प्लानिंग से MS धोनी के फैंस को झटका

punjabkesari.in Monday, Feb 23, 2026 - 04:44 PM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क : IPL 2026 को लेकर सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या 45 वर्षीय एमएस धोनी इस सीजन में मैदान पर उतरेंगे। चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) मैनेजमेंट ने साफ कर दिया है कि धोनी इस सीजन के लिए उपलब्ध रहेंगे और चेन्नई में टीम के साथ रहेंगे। हालांकि, वह सभी मैच खेलेंगे या नहीं, इस पर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है। धोनी की फिटनेस, खासकर घुटने और पीठ की समस्या को देखते हुए टीम मैनेजमेंट उनके वर्कलोड को मैनेज करने की योजना बना रहा है।

संजू सैमसन की एंट्री, बदली रणनीति

इस बार की नीलामी में CSK ने संजू सैमसन को टीम में शामिल कर बड़ा संकेत दे दिया है। संजू को बैकअप विकेटकीपर के तौर पर देखा जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक, जिन मुकाबलों में धोनी को आराम दिया जाएगा, उन मैचों में विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी संजू संभाल सकते हैं। टीम के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि धोनी ने उपलब्धता की पुष्टि की है, लेकिन हर मैच खेलने पर फैसला परिस्थितियों के अनुसार लिया जाएगा।

विकेटकीपिंग के कई विकल्प

CSK के पास विकेटकीपिंग के लिए सिर्फ संजू ही नहीं, बल्कि अन्य विकल्प भी मौजूद हैं। टीम में उर्विल पटेल और कार्तिक शर्मा भी विकेटकीपर-बल्लेबाज के रूप में शामिल हैं। कार्तिक शर्मा को 14.20 करोड़ रुपये में खरीदा गया है और टीम मैनेजमेंट उन्हें शिवम दुबे के साथ फिनिशर की भूमिका में तैयार करना चाहता है। यह साफ है कि CSK भविष्य को ध्यान में रखते हुए संतुलित संयोजन तैयार कर रही है।

चेपॉक में दिखेगा ‘थाला’ का जलवा?

पिछले दो सीजन में ‘इम्पैक्ट प्लेयर’ नियम के कारण धोनी पर बल्लेबाजी का ज्यादा दबाव नहीं रहा। वह अधिकतर अंतिम ओवरों में बल्लेबाजी करने उतरे। अब टीम मैनेजमेंट उनके ट्रैवल और मैच लोड को सीमित रखना चाहता है।

फिर भी, फैंस को उम्मीद है कि चेन्नई के चेपॉक स्टेडियम में होने वाले घरेलू मुकाबलों में ‘थाला’ जरूर खेलेंगे। चेन्नई के दर्शक अपने चहेते कप्तान को एक बार फिर मैदान पर देखने के लिए उत्साहित हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ishtpreet Singh

Related News