डेल स्टेन ने RCB के अब तक के टॉप 5 गेंदबाजों का खुलासा किया, चहल को रखा सबसे आगे

punjabkesari.in Friday, Apr 10, 2026 - 05:00 PM (IST)

नई दिल्ली : दक्षिण अफ्रीका के पूर्व तेज गेंदबाज डेल स्टेन ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के अब तक के टॉप 5 गेंदबाजों का खुलासा किया है जिसमें उन्होंने लेग-स्पिनर युजवेंद्र चहल को लिस्ट में सबसे ऊपर रखा है। खेल पर अपनी गहरी समझ के लिए जाने जाते स्टेन ने भारत के पूर्व कप्तान अनिल कुंबले को 5वें नंबर पर रखा। उन्होंने बल्लेबाजों के लिए मददगार एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में इस दिग्गज स्पिनर की असरदार गेंदबाजी की तारीफ की। कुंबले 2009 से 2010 तक RCB के कप्तान रहे थे। उन्होंने टीम के लिए 51 मैच खेले और 24.58 की औसत से 51 विकेट लिए।

स्टेन ने कहा, 'पांचवें नंबर पर मैंने अनिल कुंबले को रखा है। एक स्पिनर के तौर पर चिन्नास्वामी जैसे मैदान पर इतनी ज्यादा गेंदबाजी करते हुए उन्होंने जैसा शानदार प्रदर्शन किया है, उसकी वजह से वे मेरी टॉप 5 की लिस्ट में शामिल हैं।' चौथे नंबर पर स्टेन ने हर्षल पटेल को उनकी विकेट लेने की काबिलियत और मैचों में उनके असरदार प्रदर्शन के लिए चुना। पटेल IPL के इतिहास में RCB के लिए दूसरे सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं, उन्होंने सिर्फ 80 मैचों में 99 विकेट अपने नाम किए हैं। इसमें एक बार 5 विकेट और दो बार 4 विकेट लेने का कारनामा भी शामिल है।

उन्होंने आगे कहा, 'हर्षल पटेल उनके आंकड़े बताते हैं कि वे विकेट लेने वाले गेंदबाज़ हैं। उनका इकॉनमी रेट (रन देने की दर) बहुत अच्छा है और RCB को मैच जिताने में उनका योगदान भी काफी अहम रहा है।' ऑस्ट्रेलिया के बाएं हाथ के तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क को तीसरे नंबर पर रखा गया है। स्टेन ने लगातार विकेट लेने की उनकी काबिलियत और शानदार इकॉनमी रेट बनाए रखने के उनके हुनर ​​की तारीफ की। स्टार्क ने RCB के लिए सिर्फ 27 मैच खेले और 34 विकेट लिए।
उन्होंने कहा, 'इस खिलाड़ी को नजरअंदाज करके आप ज्यादा आगे नहीं बढ़ सकते। मिचेल स्टार्क विकेट लेने में माहिर, शानदार इकॉनमी रेट वाले और जब विकेट लेने की बात आती है, तो वे एकदम जबरदस्त गेंदबाज हैं।'

नम्बर 2 पर स्टेन ने ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड को चुना और उनके बेहतरीन स्ट्राइक रेट की खास तौर पर तारीफ की। हेजलवुड अभी IPL 2026 में RCB टीम के साथ हैं। उन्होंने इस फ्रैंचाइजी के लिए सिर्फ 27 मैचों में 45 विकेट लिए हैं। स्टेन ने कहा, 'जोश हेजलवुड एक जबरदस्त गेंदबाज़ हैं। 13 का स्ट्राइक रेट होने का मतलब है कि हर दो ओवर में वह एक विकेट ले रहे हैं। यह काफी जादुई है।' 

इस लिस्ट में सबसे ऊपर चहल हैं जो IPL के इतिहास में RCB के लिए सबसे ज़्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। स्टेन ने उनकी निरंतरता और मैच जिताने की काबिलियत पर जोर दिया। चहल ने RCB के लिए 113 मैचों में 22.03 के शानदार औसत से 139 विकेट लिए। उन्होंने कहा, 'नंबर 1 पर यूजी चहल हैं। वह हर 17 गेंदों पर विकेट लेते हैं, उनका इकॉनमी रेट लगभग 7.6 है, और उन्होंने सबसे ज्यादा विकेट लिए हैं, वह मेरे नंबर 1 हैं।' 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Sanjeev

Related News