दीप्ति शर्मा ने रचा इतिहास, पाकिस्तान के खिलाफ घातक गेंदबाजी से तोड़ा टी20I का बड़ा रिकॉर्ड

punjabkesari.in Monday, Jun 15, 2026 - 10:53 AM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क : ICC महिला टी20 विश्व कप 2026 में भारत की स्टार ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा ने पाकिस्तान के खिलाफ ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए। एजबेस्टन में खेले गए मुकाबले में दीप्ति ने सिर्फ 10 रन देकर 5 विकेट झटके और भारत को 64 रन की शानदार जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई।

टी20I क्रिकेट की सबसे सफल गेंदबाज बनीं दीप्ति

इस पांच विकेट के प्रदर्शन के साथ दीप्ति शर्मा ने महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। अब उनके नाम 145 टी20I मैचों में 166 विकेट दर्ज हैं। उन्होंने थाईलैंड की स्पिनर थिपाचा पुथावोंग (165 विकेट) को पीछे छोड़ दिया। महिला क्रिकेट की दिग्गज गेंदबाजों में शामिल ऑस्ट्रेलिया की मेगन शुट्ट 152 विकेट के साथ इस सूची में चौथे स्थान पर हैं।

झूलन गोस्वामी का रिकॉर्ड भी टूटा

दीप्ति का 5/10 का आंकड़ा अब महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में किसी भारतीय गेंदबाज का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन बन गया है। उन्होंने झूलन गोस्वामी का 14 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने 2012 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 5/11 का प्रदर्शन किया था। वहीं महिला टी20 विश्व कप में भी यह भारत की ओर से दूसरा सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। इससे पहले रेणुका सिंह ठाकुर ने 2023 में इंग्लैंड के खिलाफ 5/15 विकेट लिए थे।

गेंद और फील्डिंग दोनों में चमकीं दीप्ति

भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 170/6 का मजबूत स्कोर बनाया, जिसमें दीप्ति ने भी 9 गेंदों में 12 रन की तेज पारी खेली। गेंदबाजी में उन्होंने पाकिस्तान की शुरुआत बिगाड़ते हुए गुल फिरोजा और आयशा जफर को आउट किया। इसके बाद मुनीबा अली को शानदार डायरेक्ट हिट से रन आउट किया और फिर आलिया रियाज, नशरा संधू और तास्मिया रुबाब के विकेट लेकर पाकिस्तान की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। पाकिस्तान की पूरी टीम 17 ओवर में 106 रन पर सिमट गई।

दीप्ति बोलीं- सही समय आने का इंतजार था

मैच के बाद दीप्ति शर्मा ने कहा कि इंग्लैंड के खिलाफ पिछली टी20 सीरीज में विकेट नहीं मिलने के बावजूद उन्हें खुद पर पूरा भरोसा था। 'मैं विकेट नहीं मिलने से परेशान नहीं थी। मुझे पता था कि सही समय आने पर मैं टीम के लिए योगदान दूंगी।'

विश्व कप में एक और रिकॉर्ड पर नजर

दीप्ति शर्मा अब महिला टी20 विश्व कप इतिहास में भारत की दूसरी सबसे सफल गेंदबाज हैं। उनके नाम 20 मैचों में 24 विकेट हैं। इस सूची में उनसे आगे सिर्फ पूूनम यादव हैं, जिन्होंने 18 मैचों में 28 विकेट लिए हैं। नीदरलैंड्स के खिलाफ अगले मुकाबले में दीप्ति के पास यह रिकॉर्ड अपने नाम करने की दिशा में बड़ा कदम बढ़ाने का मौका होगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ishtpreet Singh

Related News