जोस बटलर टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी बने, कहा- यह भारतीय तोड़ सकता है रिकॉर्ड

punjabkesari.in Thursday, Aug 06, 2026 - 11:27 AM (IST)

मैनचेस्टर (UK) : इंग्लैंड के स्टार खिलाड़ी जोस बटलर, जिन्होंने बुधवार को वेस्टइंडीज के दिग्गज कीरोन पोलार्ड को पीछे छोड़कर टी20 इतिहास में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी का मुकाम हासिल किया, ने युवा भारतीय बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी का समर्थन करते हुए कहा कि वे एक दिन यह रिकॉर्ड तोड़ सकते हैं। 

बटलर 'मेन्स हंड्रेड' टूर्नामेंट में अपनी टीम मैनचेस्टर सुपर जायंट्स (MSG) और वेल्श फायर के बीच हुए मैच के दौरान टी20 क्रिकेट में शीर्ष पर पहुंचे। उन्होंने 20 गेंदों में 250.00 के स्ट्राइक रेट से नाबाद 51 रन बनाए जिसमें दो चौके और छह छक्के शामिल थे। बटलर ने 522 टी20 मैचों में अब तक 14,833 रन बनाए हैं जिसमें 9 शतक और 105 अर्धशतक शामिल हैं। उन्होंने पोलार्ड (746 मैचों में 14,803 रन, दो शतक) और लंबे समय तक रिकॉर्ड अपने नाम रखने वाले वेस्टइंडीज के दिग्गज क्रिस गेल (463 मैचों में 14,562 रन, 22 शतक और 88 अर्धशतक) को पीछे छोड़ दिया है।

बटलर ने रिकॉर्ड बनाने के बाद स्काई स्पोर्ट्स के हवाले से क्रिकइन्फो ने बताया कि उन्हें टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाला खिलाड़ी बनने पर गर्व है, लेकिन साथ ही यह भी कहा कि यह रिकॉर्ड कभी न कभी टूटेगा और इसे तोड़ने वाले संभावित खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी हो सकते हैं। बटलर ने कहा, 'यह वाकई बहुत अच्छा लगता है कि आपके नाम टी20 में सबसे ज्यादा रन हैं। कोई न कोई इसे एक दिन तोड़ेगा ही और शायद उसका नाम [वैभव] सूर्यवंशी हो, लेकिन यह गर्व का पल है।'

सिर्फ 15 साल की उम्र में सूर्यवंशी ने T20I क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने जिम्बाब्वे के खिलाफ तीन मैचों में 151 रन बनाए और 'प्लेयर ऑफ द सीरीज' का अपना पहला अवॉर्ड जीता, जबकि भारत ने सीरीज 3-0 से जीती। उनकी यह सफलता इस साल की शुरुआत में ICC पुरुष अंडर-19 क्रिकेट वर्ल्ड कप में उनके शानदार प्रदर्शन के बाद मिली, जहां उन्होंने 439 रन बनाए और 'प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट' चुने गए जिससे उनकी जबरदस्त क्षमता का पता चलता है। बटलर ने कहा कि जब पोलार्ड हेड कोच के तौर पर MI लंदन के साथ हों, तो उनके खिलाफ खेलते हुए उनसे आगे निकलना उन्हें अच्छा लगता। साथ ही उन्होंने टी20 के महान खिलाड़ियों की लिस्ट में शामिल होने पर गर्व भी जताया।

बटलर ने कहा, 'हमने पिछले मैच में MI लंदन के खिलाफ खेला था और जब पॉली डगआउट में बैठे हों, तब उनसे आगे निकलना अच्छा होता। लेकिन उस लिस्ट में कुछ बड़े नाम और खास खिलाड़ी हैं, इसलिए मुझे इस बात पर बहुत गर्व है।'
'मेन्स हंड्रेड' मैच की बात करें तो मैनचेस्टर में वेल्श फायर ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। मैट शॉर्ट (47 गेंदों में 71 रन, आठ चौके और दो छक्के) और फिल साल्ट (37 गेंदों में 48 रन, तीन चौके और तीन छक्के) की पारियों की बदौलत टीम ने 100 गेंदों में 155/4 का स्कोर बनाया। लक्ष्य का पीछा करते हुए MSG ने आक्रामक शुरुआत की। टिम सीफर्ट (36 गेंदों में नाबाद 62 रन, 10 चौके), पॉल वाल्टर (18 गेंदों में 37 रन, चार बाउंड्री) और बटलर (20 गेंदों में नाबाद 51 रन, दो चौके और छह छक्के) ने 9 विकेट शेष रहते हुए लक्ष्य हासिल कर लिया। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Sanjeev

Related News