IPL 2026: 8 पारियों में सिर्फ 88 रन, खराब फॉर्म के बावजूद इस कप्तान पर टीम का भरोसा कायम

punjabkesari.in Sunday, Apr 26, 2026 - 02:34 PM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क : IPL 2026 में Rajasthan Royals के कप्तान रियान पराग का बल्ला अब तक खामोश रहा है। 8 पारियों में सिर्फ 88 रन बनाने के बावजूद टीम मैनेजमेंट उनका समर्थन कर रहा है। कोचिंग स्टाफ का मानना है कि पराग का प्रदर्शन भले मैच में नजर नहीं आ रहा, लेकिन वह सही दिशा में काम कर रहे हैं।

 “उनके साथ कुछ भी गलत नहीं” — विक्रम राठौर

राजस्थान रॉयल्स के बल्लेबाज़ी कोच Vikram Rathour ने पराग का बचाव करते हुए कहा, 'उनके साथ कुछ भी गलत नहीं हो रहा है। वह नेट्स में अच्छी बल्लेबाज़ी कर रहे हैं और कड़ी मेहनत कर रहे हैं। कभी-कभी ऐसा दौर आता है जब रन नहीं बनते, लेकिन यह खेल का हिस्सा है। मुझे पूरा भरोसा है कि वह वापसी करेंगे और मजबूत वापसी करेंगे।'

SRH के खिलाफ फिर फ्लॉप रहे पराग

सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ हाई-स्कोरिंग मुकाबले में पराग एक बार फिर बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे। वह नंबर 4 पर बल्लेबाज़ी करने उतरे, लेकिन सिर्फ 9 गेंदों पर 7 रन बनाकर आउट हो गए। Pat Cummins की सटीक यॉर्कर ने उनकी पारी का अंत कर दिया।

आंकड़े नहीं दे रहे साथ

इस सीजन पराग के आंकड़े भी उनके खराब फॉर्म की कहानी बयान कर रहे हैं। 8 मैचों में उन्होंने सिर्फ 88 रन बनाए हैं, उनका औसत 12.57 और स्ट्राइक रेट 112.82 का रहा है। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 20 रन है, जो लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ आया था।

10-15 रन कम रह गई RR — पराग

मैच के बाद पराग ने खुद माना कि टीम लक्ष्य से थोड़ा पीछे रह गई। उन्होंने कहा, 'मुझे लगता है कि हम 10-15 रन पीछे रह गए। उन्होंने 18वें और 19वें ओवर में शानदार गेंदबाज़ी की और बेहतरीन यॉर्कर डाले। अगर हमारे पास 15 रन और होते तो मैच का नतीजा अलग हो सकता था।'

अच्छी शुरुआत के बावजूद हार

राजस्थान रॉयल्स ने वैभव सूर्यवंशी के 37 गेंदों में 103 रन की पारी के दम पर बड़ा स्कोर खड़ा किया, लेकिन अंत के ओवरों में टीम रन गति बनाए नहीं रख सकी। इसके बाद Sunrisers Hyderabad ने लक्ष्य को 5 विकेट और 9 गेंद शेष रहते हासिल कर लिया।

PBKS के खिलाफ बड़ी चुनौती

अब राजस्थान रॉयल्स का अगला मुकाबला Punjab Kings के खिलाफ है, जहां पराग के लिए खुद को साबित करने का दबाव और बढ़ जाएगा। टीम को उनसे एक बड़ी पारी की उम्मीद होगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ishtpreet Singh

Related News