गौतम गंभीर और अजीत अगरकर के बीच मतभेद? दिनेश कार्तिक ने टीम इंडिया को लेकर किया बड़ा दावा

punjabkesari.in Tuesday, Jul 14, 2026 - 04:50 PM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क : इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में भारत की 4-0 से हार के बाद पूर्व भारतीय विकेटकीपर-बल्लेबाज दिनेश कार्तिक ने टीम इंडिया के चयन और टीम मैनेजमेंट को लेकर बड़ा बयान दिया है। कार्तिक का मानना है कि मुख्य कोच गौतम गंभीर और मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर की सोच पूरी तरह एक जैसी नहीं है, जिससे खिलाड़ियों के बीच असमंजस की स्थिति पैदा हो रही है।

"कोच और चयनकर्ता के बीच थोड़ी खींचतान दिख रही है"

दिनेश कार्तिक ने स्काई स्पोर्ट्स से बातचीत में कहा कि गौतम गंभीर हर मैच जीतने की मानसिकता रखते हैं, जबकि अजीत अगरकर लंबी अवधि की योजना पर काम कर रहे हैं। उनका मानना है कि यही अंतर टीम चयन में दिखाई दे रहा है। 'मुझे लगता है कि मुख्य चयनकर्ता, जिनकी सोच लंबी अवधि की है, और मौजूदा कोच, जो हर मैच जीतना चाहते हैं, उनके बीच थोड़ी खींचतान है। इसी वजह से जो भ्रम हम देख रहे हैं, वह सामने आ रहा है।' कार्तिक ने कहा।

"खिलाड़ियों के लिए यह स्थिति बिल्कुल आदर्श नहीं"

कार्तिक का मानना है कि भारत की मजबूत बेंच स्ट्रेंथ खिलाड़ियों के मन में असुरक्षा पैदा कर सकती है। उन्होंने कहा कि हर खिलाड़ी यही सोचता होगा कि यदि दो-तीन मैच खराब गए तो उसकी जगह कोई दूसरा ले सकता है। 'क्या खिलाड़ियों के लिए यह आदर्श स्थिति है? बिल्कुल नहीं। भारत जैसी टीम में इतनी मजबूत बेंच स्ट्रेंथ है कि हर खिलाड़ी यही सोचता होगा कि अगर मेरे दो खराब मैच हुए तो कोई भी मेरी जगह ले सकता है। यह ऐसी स्थिति है जिसे जल्द से जल्द सुधारने की जरूरत है।'

संजू सैमसन और वैभव सूर्यवंशी का मामला बना चर्चा का विषय

कार्तिक ने हाल ही में समाप्त हुई टी20 सीरीज का उदाहरण भी दिया। शुरुआती तीन मैचों में खराब प्रदर्शन के बाद संजू सैमसन को बाहर कर 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी को डेब्यू का मौका दिया गया। हालांकि तीन मैचों के बाद वैभव भी बाहर हो गए और अंतिम मुकाबले में संजू की वापसी हुई, लेकिन भारत सीरीज 4-0 से हार गया। टी20 सीरीज के दौरान बल्लेबाजी क्रम और खिलाड़ियों की अदला-बदली को लेकर भी कई सवाल उठे। इससे पहले कार्तिक ने बल्लेबाजी क्रम में किए गए बदलावों और हर्षित राणा को शिवम दुबे से पहले भेजे जाने पर भी सवाल उठाए थे।

जिम्बाब्वे दौरे के चयन पर भी उठे सवाल

कार्तिक ने जिम्बाब्वे दौरे के लिए चुनी गई टी20 टीम को लेकर भी अप्रत्यक्ष रूप से सवाल उठाए। टीम में हर्ष दुबे, यश ठाकुर, अशोक शर्मा और प्रभसिमरन सिंह को जगह मिली है। वहीं संजू सैमसन को आराम दिए जाने की खबरों ने चयन प्रक्रिया पर नई बहस छेड़ दी है।

रोहित-विराट के भविष्य पर भी जारी चर्चा

वनडे सीरीज से पहले रोहित शर्मा और विराट कोहली के भविष्य को लेकर भी चर्चाएं तेज हैं। हालांकि कप्तान शुभमन गिल ने स्पष्ट किया है कि टीम मैनेजमेंट 2027 वनडे विश्व कप को ध्यान में रखते हुए नए संयोजन आजमा रहा है। वहीं गौतम गंभीर पहले ही कह चुके हैं कि हर खिलाड़ी को अपने प्रदर्शन के दम पर टीम में जगह बनाए रखनी होगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ishtpreet Singh

Related News