पूर्व क्रिकेटर ने टीम इंडिया में बार-बार नजरअंदाज किए जाने पर मोहम्मद शमी को दिया स्पष्ट संदेश
punjabkesari.in Monday, Aug 10, 2026 - 12:03 PM (IST)
नई दिल्ली : मोहम्मद शमी को बार-बार टीम इंडिया से नजरअंदाज किए जाने पर इस तेज गेंदबाज के भविष्य पर सवाल खड़े हो रहे हैं। अजीत अगरकर की अगुवाई वाली सिलेक्शन कमिटी ने इस अनुभवी तेज गेंदबाज का कहीं जिक्र नहीं किया है और 2027 के वनडे वर्ल्ड कप के लिए तैयारी भी शुरू हो चुकी है ऐसे में शमी को मौका न मिलने उनके भविष्य में ना चुने जाने की तरफ इशारा करता है। वहीं भारत के बेहतरीन तेज गेंदबाजों में से एक जहीर खान से शमी की मौजूदा स्थिति के बारे में अपनी राय रखते हुए माना कि अभी भारतीय टीम की प्राथमिकताएं कुछ और ही लग रही हैं। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि शमी को हार नहीं माननी चाहिए।
जहीर ने टाइम्स ऑफ इंडिया से बातचीत के दौरान कहा, 'यह आपका फैसला है कि आप कैसे आगे बढ़ना चाहते हैं। अगर आप मैच खेल रहे हैं और अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं, तो आप उपलब्ध रहते हैं। मैं चीजों को इसी नजरिए से देखता हूं। टीम की सोच अलग हो सकती है, लेकिन आपकी सोच मायने रखती है। अगर आप योगदान देना चाहते हैं, तो यह आपका फैसला है। टीम जिस तरह से चीजों को देख रही है और जो कुछ भी चल रहा है, उसे देखते हुए कभी-कभी आप अपनी सोच का विश्लेषण कर सकते हैं। लेकिन आप उसमें कैसे योगदान दे सकते हैं? एक खिलाड़ी के तौर पर आपको वही करना चाहिए जो शमी कर रहे हैं। वह खेल रहे हैं। जैसा कि आपने कहा, वह मैच खेल रहे हैं। यह जरूरी है।'
जहीर से भारतीय टीम में चोटिल खिलाड़ियों की बढ़ती लिस्ट के बारे में भी पूछा गया। जहां बुमराह लगातार सीरीज के लिए फिट रहने में संघर्ष कर रहे हैं, वहीं वॉशिंगटन सुंदर, बी साई सुदर्शन, रोहित शर्मा, हार्दिक पांड्या जैसे खिलाड़ी भी फिटनेस बनाए रखने में जूझ रहे हैं। हालांकि, जहीर के लिए यह खेल का ही एक हिस्सा है।
उन्होंने कहा, 'चोटें खेल का अहम हिस्सा हैं। ये हर खिलाड़ी के सफर का भी हिस्सा होती हैं। आप वर्कलोड मैनेजमेंट की बात तो कर सकते हैं, लेकिन आपको घटनाओं के समय को भी समझना होगा। आप कुछ चीजों देख सकते हैं, लेकिन कुल मिलाकर, आपको उसी हिसाब से योजना बनानी होगी। अगर कोई तेज गेंदबाज चोटिल हो जाता है या मुश्किल दौर से गुजरता है, तो आपके हाथ में जो चीजें हैं, उन्हें संभालना बहुत जरूरी है। आपको उन्हें ठीक से संभालना होगा। जब तक आपको असली वजह पता नहीं चलती, आप आगे नहीं बढ़ सकते।'

