ENG vs IND : इंग्लैंड ने भारत के खिलाफ तीसरे T20I के लिए प्लेइंग 11 की घोषणा की

punjabkesari.in Monday, Jul 06, 2026 - 07:00 PM (IST)

नॉटिंघम : ओल्ड ट्रैफर्ड में चार विकेट से जीत के साथ 1-0 की बढ़त बनाने के बाद इंग्लैंड ने मंगलवार को ट्रेंट ब्रिज में भारत के खिलाफ चल रही पांच मैचों की सीरीज के तीसरे T20I के लिए उसी प्लेइंग 11 को बरकरार रखा है। सीरीज का पहला मैच बारिश के कारण बेनतीजा रहने के बाद इंग्लैंड ने ओल्ड ट्रैफर्ड में 1-0 की बढ़त बनाई जिसमें जैकब बेथेल के शानदार ऑल-राउंड प्रदर्शन की अहम भूमिका रही। 

191 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड की शुरुआत बेहद खराब रही, अर्शदीप सिंह ने पहले ही ओवर में फिल साल्ट और जोस बटलर को बिना खाता खोले आउट कर दिया जिससे मेजबान टीम का स्कोर 1/2 हो गया। कप्तान हैरी ब्रूक ने जवाबी हमला करते हुए सिर्फ 12 गेंदों में ताबड़तोड़ 39 रन बनाए, लेकिन फिर अक्षर पटेल ने उन्हें LBW आउट कर दिया। इसके बाद बेथेल ने संयमित लेकिन आक्रामक पारी खेलकर टीम को संभाला और टॉम बैंटन (जिन्होंने 39 रन बनाए) के साथ एक अहम साझेदारी की। 

अर्शदीप और वरुण चक्रवर्ती के विकेटों से भारत ने वापसी की कोशिश की, लेकिन बेथेल ने रवि बिश्नोई के एक ही ओवर में 29 रन कूटकर मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया। 46 गेंदों में नाबाद 76 रन की उनकी मैच जिताऊ पारी में पांच चौके और पांच छक्के शामिल थे जिसने इंग्लैंड को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। सैम करन के आउट होने के बाद बेथेल और जोफ्रा आर्चर ने छह गेंदें शेष रहते हुए टीम को जीत दिलाई। 

इससे पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने पर भारत ने 190/7 का स्कोर बनाया। डेब्यू करने वाले वैभव सूर्यवंशी ने 10 गेंदों में 14 रन बनाकर शानदार शुरुआत की। वे भारत के सबसे युवा इंटरनेशनल क्रिकेटर और T20I में टेस्ट खेलने वाले देशों में सबसे कम उम्र में डेब्यू करने वाले खिलाड़ी बन गए। अभिषेक शर्मा ने शुरुआत में सबसे ज्यादा 43 रन बनाए जबकि ईशान किशन ने 49 रन बनाकर पारी को संभाला और कप्तान श्रेयस अय्यर ने 37 रन जोड़े। 

सैम करन, लियाम डॉसन और विल जैक्स की अगुवाई में इंग्लैंड के गेंदबाजों ने बीच के ओवरों में भारतीय बल्लेबाजों को बांधे रखा था, लेकिन आखिरी ओवर में तिलक वर्मा के 17 रनों की बदौलत भारत एक चुनौतीपूर्ण स्कोर तक पहुंचने में कामयाब रहा। 

भारत के खिलाफ तीसरे T20I के लिए इंग्लैंड की प्लेइंग 11: 

फिल साल्ट, जोस बटलर, हैरी ब्रूक (कप्तान), जैकब बेथेल, टॉम बैंटन, सैम करन, विल जैक्स, लियाम डॉसन, जोफ्रा आर्चर, आदिल राशिद और जोश टंग। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Sanjeev

Related News