FIFA World Cup 2026: क्वार्टर फाइनल की 8 टीमों की तस्वीर साफ, जानिए पूरा शेड्यूल
punjabkesari.in Wednesday, Jul 08, 2026 - 02:36 PM (IST)
स्पोर्ट्स डेस्क : फीफा वर्ल्ड कप 2026 के राउंड ऑफ-16 मुकाबले खत्म होने के साथ ही क्वार्टर फाइनल की तस्वीर पूरी तरह साफ हो गई है। मौजूदा चैंपियन अर्जेंटीना ने मिस्र को 3-2 से हराकर अंतिम-8 में जगह बनाई, जबकि स्विट्जरलैंड ने पेनल्टी शूटआउट में कोलंबिया को मात देकर आखिरी क्वार्टर फाइनल टिकट हासिल किया। अब खिताब की दौड़ में आठ टीमें बची हैं और अगले दौर में कई हाई-वोल्टेज मुकाबले देखने को मिलेंगे।
राउंड ऑफ-16 में अर्जेंटीना ने की शानदार वापसी
लियोनेल मेसी की अगुआई वाली अर्जेंटीना की टीम मिस्र के खिलाफ 78वें मिनट तक 0-2 से पिछड़ रही थी। इसके बाद टीम ने जबरदस्त वापसी करते हुए आखिरी 15 मिनट में तीन गोल दागे और 3-2 से मुकाबला जीत लिया। हालांकि मैच VAR विवाद को लेकर भी सुर्खियों में रहा। इस जीत के साथ अर्जेंटीना ने लगातार छठी बार फीफा वर्ल्ड कप के क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। यह सिलसिला 2006 से जारी है।
क्वार्टर फाइनल में पहुंचने वाली 8 टीमें
राउंड ऑफ-16 के बाद जिन आठ टीमों ने क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई है, वे हैं:
मोरक्को
फ्रांस
नॉर्वे
इंग्लैंड
स्पेन
बेल्जियम
स्विट्जरलैंड
अर्जेंटीना
वहीं पांच बार की चैंपियन ब्राजील, पुर्तगाल और सह-मेजबान मेक्सिको व अमेरिका का सफर प्री-क्वार्टर फाइनल में ही समाप्त हो गया।
क्वार्टर फाइनल का पूरा शेड्यूल (भारतीय समयानुसार)
10 जुलाई – फ्रांस vs मोरक्को | रात 1:30 बजे | बोस्टन
11 जुलाई – स्पेन vs बेल्जियम | रात 12:30 बजे | लॉस एंजेलिस
12 जुलाई – इंग्लैंड vs नॉर्वे | रात 2:30 बजे | मियामी
12 जुलाई – अर्जेंटीना vs स्विट्जरलैंड | सुबह 6:30 बजे | कैनसस सिटी
सेमीफाइनल और फाइनल की तारीखें भी तय
क्वार्टर फाइनल के बाद टूर्नामेंट अपने अंतिम सप्ताह में प्रवेश करेगा। दोनों सेमीफाइनल मुकाबले 14 और 15 जुलाई को क्रमशः आर्लिंग्टन और अटलांटा में खेले जाएंगे। तीसरे स्थान के लिए मुकाबला 18 जुलाई को मियामी में होगा, जबकि 19 जुलाई को ईस्ट रदरफोर्ड के मेटलाइफ स्टेडियम में विश्व कप 2026 का फाइनल खेला जाएगा।

