FIFA World Cup 2026: पेनल्टी शूटआउट में पैराग्वे का बड़ा उलटफेर, जर्मनी को हराकर प्री-क्वार्टरफाइनल में बनाई जगह
punjabkesari.in Tuesday, Jun 30, 2026 - 11:51 AM (IST)
स्पोर्ट्स डेस्क: FIFA वर्ल्ड कप 2026 में अब तक का सबसे बड़ा उलटफेर देखने को मिला, जब दुनिया की 34वें नंबर की टीम पैराग्वे ने चार बार की विश्व चैंपियन जर्मनी को पेनल्टी शूटआउट में 4-3 से हराकर प्री-क्वार्टरफाइनल (राउंड ऑफ-16) में जगह बना ली। निर्धारित 90 मिनट और अतिरिक्त समय तक मुकाबला 1-1 की बराबरी पर समाप्त हुआ, जिसके बाद फैसला पेनल्टी शूटआउट से हुआ।
एन्सिसो ने दिलाई बढ़त, हावर्ट्ज़ ने की बराबरी
पैराग्वे ने 42वें मिनट में बढ़त बनाई। मिगुएल अल्मिरोन के शानदार पास पर मटियास गलार्ज़ा ने क्रॉस दिया, जिसे जूलियो एन्सिसो ने हेडर के जरिए गोल में बदल दिया। दूसरे हाफ के 52वें मिनट में जर्मनी ने वापसी की। फ्लोरियन विर्ट्ज़ के क्रॉस पर काई हावर्ट्ज़ ने शानदार हेडर लगाकर स्कोर 1-1 कर दिया।
वीडियो रिव्यू ने छीनी जर्मनी की बढ़त
अतिरिक्त समय के 102वें मिनट में जर्मनी ने जोनाथन टाह के हेडर से गोल कर 2-1 की बढ़त बना ली थी, लेकिन वीडियो असिस्टेंट रेफरी (VAR) की समीक्षा में पाया गया कि वाल्डेमार एंटोन ने गोलकीपर ऑरलैंडो गिल को धक्का दिया था। इसके बाद गोल रद्द कर दिया गया और मुकाबला बराबरी पर बना रहा।
गोलकीपर ऑरलैंडो गिल बने हीरो
पेनल्टी शूटआउट में गोलकीपर ऑरलैंडो गिल ने दो अहम बचाव किए, जबकि जोस कैनाले ने सडन डेथ में निर्णायक पेनल्टी गोल कर पैराग्वे को 4-3 से यादगार जीत दिलाई। जीत के बाद गिल ने कहा, "हमने हर खिलाड़ी और हर छोटी-बड़ी चीज का विश्लेषण किया था। उसी तैयारी की बदौलत मैं सिर्फ दो पेनल्टी ही गोल होने दे पाया। यह जीत पूरे पैराग्वे के लोगों के नाम है।"
जर्मनी से लिया 24 साल पुराना बदला
वर्ल्ड कप में दोनों टीमों की पिछली भिड़ंत 2002 में हुई थी, जहां जर्मनी ने पैराग्वे को 1-0 से हराया था। लगभग 24 साल बाद पैराग्वे ने उसी हार का बदला लेते हुए जर्मनी को टूर्नामेंट से बाहर का रास्ता दिखा दिया।
अब फ्रांस या स्वीडन से होगा मुकाबला
पैराग्वे अब राउंड ऑफ-16 में फ्रांस और स्वीडन के बीच होने वाले मुकाबले की विजेता टीम से भिड़ेगा। यदि वह अगला मैच भी जीतता है तो क्वार्टरफाइनल में प्रवेश कर जाएगा।

