एक दिन में चार मैच हुए ड्रॉ, फीफा वर्ल्ड कप में 68 साल में पहली बार हुआ ऐसा
punjabkesari.in Tuesday, Jun 16, 2026 - 10:41 AM (IST)
लॉस एंजिल्स : फीफा वर्ल्ड कप में एक ही दिन में चार मैच ड्रॉ हुए जोकि 15 जून 1958 के बाद पहली बार (यानी पूरे 68 साल बाद) देखने को मिला। उस समय आठ मैच खेले गए थे। दिन के पहले मैच में पहली बार खेल रही केप वर्डे टीम ने मौजूदा वर्ल्ड कप का एक बड़ा उलटफेर किया। उन्होंने अटलांटा में सोमवार को शानदार डिफेंस का प्रदर्शन करते हुए स्टार खिलाड़ियों से सजी दुनिया की नंबर दो टीम और मौजूदा यूरोपियन चैंपियन स्पेन को गोल-रहित ड्रॉ पर रोक दिया।
दिन के दूसरे मैच में मिस्र को अपनी पहली फीफा वर्ल्ड कप जीत से वंचित रहना पड़ा। हालांकि एमम अशौर ने जल्दी गोल किया था, लेकिन मैदान पर उतरने के पहले ही मिनट में रोमेलु लुकाकू ने एक 'ओन गोल' (अपनी ही टीम के खिलाड़ी द्वारा किया गया गोल) करवाकर बराबरी करा दी जिससे सिएटल में मंगलवार को बेल्जियम के साथ मैच 1-1 से ड्रॉ हो गया।
दिन के तीसरे मैच में मैक्सिमिलियानो अरुजो के 80वें मिनट में किए गए बराबरी के गोल की मदद से उरुग्वे ने मियामी में मंगलवार को अपने फीफा वर्ल्ड कप के शुरुआती मैच में सऊदी अरब के साथ 1-1 से ड्रॉ खेला। इस ड्रॉ के साथ ग्रुप एच की सभी टीमें स्पेन, केप वर्डे, उरुग्वे और सऊदी अरब एक-एक पॉइंट पर बराबरी पर हैं।
दिन के आखिरी मैच में ईरान ने लॉस एंजिल्स के सोफी स्टेडियम में खेले गए रोमांचक मुकाबले में मंगलवार को अपने शुरुआती वर्ल्ड कप मैच में न्यूजीलैंड के खिलाफ कड़े संघर्ष में 2-2 से ड्रॉ खेला। ईरान बेल्जियम का सामना करने के लिए लॉस एंजिल्स लौटेगा जबकि न्यूजीलैंड रविवार को ग्रुप जी के अगले मैचों में वैंकूवर में मिस्र से भिड़ेगा। न्यूजीलैंड जो फाइनल में तीसरी बार खेल रहा है, सात मैचों के बाद भी वर्ल्ड कप में जीत हासिल नहीं कर पाया है। वहीं ईरान पहली बार नॉकआउट राउंड में पहुंचने की कोशिश कर रहा है।

