IND vs WI : ड्रिंक्स ब्रेक में लेजर शो पर भड़के गावस्कर-शास्त्री, आयोजकों को लगाई फटकार

punjabkesari.in Monday, Mar 02, 2026 - 12:01 PM (IST)

कोलकाता : Sunil Gavaskar और Ravi Shastri ने 1 मार्च को कोलकाता के Eden Gardens में खेले गए भारत बनाम वेस्टइंडीज सुपर-8 मुकाबले के दौरान ड्रिंक्स ब्रेक में हुए लेजर शो की कड़ी आलोचना की।

यह मुकाबला वर्चुअल क्वार्टरफाइनल जैसा था। 196 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत पावरप्ले खत्म होने तक 53/2 पर था। इसी दौरान स्टेडियम की लाइटें मंद कर लेजर शो किया गया, जिस पर दोनों पूर्व कप्तानों ने सवाल उठाए।

गावस्कर ने कमेंट्री के दौरान कहा, 'ड्रिंक्स ब्रेक के दो-ढाई मिनट में लेजर शो... यह बल्लेबाजों के लिए आसान नहीं है। आंखों को फिर से तेज रोशनी में ढालना मुश्किल होता है, खासकर जब चारों तरफ अंधेरा हो।'

‘वर्ल्ड कप में नहीं होना चाहिए ऐसा मनोरंजन’: शास्त्री

रवि शास्त्री ने भी गावस्कर की बात से सहमति जताई। उनका मानना है कि इस तरह का मनोरंजन आईपीएल के लीग चरण तक सीमित रहना चाहिए, वर्ल्ड कप जैसे बड़े टूर्नामेंट में नहीं।

शास्त्री ने कहा, 'यह वर्ल्ड कप है। क्या दो-ढाई मिनट के ब्रेक में इस तरह के शो की जरूरत है? आईपीएल के बीच में ठीक है, लेकिन नॉकआउट या वर्ल्ड कप मुकाबले में नहीं। खिलाड़ियों के लिए दोबारा फोकस करना आसान नहीं होता। यह गंभीर मामला है।'

सैमसन की पारी ने दिलाया सेमीफाइनल टिकट

हालांकि इन सबके बीच भारतीय टीम ने रनचेज में कोई चूक नहीं की। Sanju Samson ने आधुनिक एंकर की भूमिका निभाते हुए 50 गेंदों पर नाबाद 97 रन बनाए और टीम को सेमीफाइनल में पहुंचाया। कप्तान Suryakumar Yadav के आउट होने के बाद तिलक वर्मा ने 15 गेंदों में 27 रन की अहम पारी खेली। आखिरी ओवर में 7 रन की जरूरत थी, जहां सैमसन ने छक्का और चौका लगाकर मैच खत्म कर दिया।

अब भारत 5 मार्च को मुंबई के Wankhede Stadium में दूसरे सेमीफाइनल में हैरी ब्रूक की अगुवाई वाली England cricket team से भिड़ेगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ishtpreet Singh

Related News