मनप्रीत, मनदीप, वरुण कुमार और हार्दिक का जालंधर पहुंचने पर भव्य स्वागत
punjabkesari.in Wednesday, Aug 11, 2021 - 10:28 PM (IST)

जालंधर : टोक्यो ओलिंपिक में कांस्य पदक जीत कर 41 साल बाद इतिहास रचने वाली भारतीय पुरुष हॉकी टीम के कप्तान मनप्रीत सिंह, मनदीप सिंह, वरुण कुमार और हार्दिक सिंह का बुधवार दोपहर को जालंधर पहुंचने पर फूलों की बारिश के साथ जोरदार तरीके से स्वागत किया गया। गांव मिट्ठापुर से तीन खिलाड़ी कप्तान मनप्रीत सिंह, मंदीप सिंह और वरूण जब अपने गांव पहुंचे तो गांव में ढोल की थाप पर गांववासी नाचते नजर आए।
तीनों ने अपने पैतृक गांव मिट्ठापुर के गुरुद्वारा साहिब में मत्था टेका। इसके बाद गांव के हॉकी ग्राउंड में पहुंचकर वहां पर नतमस्क हुए। विधायक परगट सिंह की अगुवाई में लोगों ने इन खिलाड़ियो का स्वागत किया। परगट सिंह भी गांव मिट्ठापुर के ही हैं। बता दें कि कप्तान मनप्रीत सिंह मिट्ठापुर गांव से हैं और इस गांव को सालों से हॉकी का गढ़ माना जाता है। उधर, फरीदकोट में टोक्यो ओलंपिक में कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय हॉकी टीम के खिलाड़ी रुपिंदर पाल सिंह के घर पहुंचने पर लोगों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। रुपिंदर के माता-पिता, भाई-भाभी समेत परिवारिक सदस्यों और दोस्तों ने ढोल की थाप पर नाचते- गाते उनका स्वागत किया।