Happy Birthday Sachin Tendulkar : 53 साल के हुए गॉड ऑफ क्रिकेट सचिन तेंदुलकर, आज भी कायम हैं ये रिकॉर्ड्स

punjabkesari.in Friday, Apr 24, 2026 - 02:45 PM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क : गॉड ऑफ क्रिकेट से जाने जाते सचिन तेंदुलकर ने शुक्रवार को मुंबई स्थित अपने आवास पर अपने परिवार के साथ अपना 53वां जन्मदिन मनाया। उन्होंने अपनी पत्नी अंजलि तेंदुलकर और परिवार के सदस्यों की मौजूदगी में केक काटा और उन प्रशंसकों का धन्यवाद किया जो इस अवसर पर उन्हें बधाई देने के लिए बड़ी संख्या में उनके घर के सामने आए थे। केक काटने के बाद उन्होंने फैंस के साथ सेल्फी ली और भारी पुलिस सुरक्षा के बीच ऑटोग्राफ भी दिए। आइए इस खास मौके पर उनके कुछ ऐसे रिकॉर्ड्स पर भी नजर डाल लेते हैं जिन्हें तोड़ने की कोशिश तो हुई लेकिन वह आज भी कायम है - 

सचिन तेंदुलकर के नाम सबसे अधिक 664 इंटरनेशनल मैच खेलने का वर्ल्ड रिकॉर्ड है। श्रीलंका के महेला जयवर्धने (652) इस रिकॉर्ड को तोड़ने के करीब पहुंचे लेकिन ऐसा हो नहीं पाया। 

तेंदुलकर के नाम सबसे अधिक 18,426 वनडे रन बनाने का वर्ल्ड रिकॉर्ड है। वह 50 ओवर फॉर्मेट में 15 हजार से अधिक रन बनाने वाले एकमात्र क्रिकेटर हैं। विराट कोहली 14797 रनों के साथ दूसरे पायदान पर हैं। तेंदुलकर ने 463 वनडे मैचों में 18426 रन बनाए थे जिसमें 49 शतक शामिल है। सचिन ने अपनी बॉलिंग के दम पर भी भारत को कई मैच जिताए। उनके नाम इस फॉर्मेट में 154 विकेट दर्ज हैं।  

सचिन तेंदुलकर के नाम सबसे ज्यादा 51 टेस्ट शतक जड़ने का वर्ल्ड रिकॉर्ड है। एक्टिव खिलाड़ियों में जो रूट 41 शतकों के साथ उनके पीछ हैं। रूट इस समय 35 वर्ष के हैं और यह देखना दिलचस्प होगा कि यह रिकॉर्ड टूटता है या नहीं।

तेंदुलकर के नाम सर्वाधिक 200 टेस्ट मैच खेलने का वर्ल्ड रिकॉर्ड है। इंग्लैंड के जेम्स एंडरसन (188) उनके नजदीक पहुंचे, मगर इसे तोड़ नहीं पाए। 

सचिन तेंदुलकर ही एकमात्र ऐसे बल्लेबाज हैं जिनके नाम वर्ल्ड कप में 2000 से अधिक रन बनाने का रिकॉर्ड है। 6 वर्ल्ड कप में उनके बल्ले से कुल 2278 रन निकले।

एक वर्ल्ड कप एडिशन में सबसे अधिक 673 रन बनाने का वर्ल्ड रिकॉर्ड भी तेंदुलकर के नाम है। 

इस बारे में तो सभी जानते हैं कि तेंदुलकर के नाम सबसे ज्यादा इंटरनेशनल रन करने का भी वर्ल्ड रिकॉर्ड है। लेकिन क्या आप सही आंकड़ा जानते हैं। यह आंकड़ा है 34357 रन। सचिन के बाद सबसे ज्यादा इंटरनेशनल रन बनाने वाले खिलाड़ी विराट कोहली (28215 रन) हैं जबकि कुमार संगकारा 28016 रन के साथ तीसरे स्थान पर हैं। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Sanjeev

Related News