IPL के लिए एक और खिलाड़ी ने छोड़ा PSL, पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने लगा दिया बैन

punjabkesari.in Monday, Apr 20, 2026 - 07:24 PM (IST)

कराची : पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने श्रीलंका के सीम-बॉलिंग ऑलराउंडर दासुन शनाका पर कॉन्ट्रैक्ट की शर्तों का उल्लंघन करने के आरोप में पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) के अगले सीजन में हिस्सा लेने पर बैन लगा दिया है। यह फैसला तब आया जब PCB ने शनाका के 2026 के टूर्नामेंट से नाम वापस लेने के मामले की समीक्षा की। शनाका ने लाहौर कलंदर्स के साथ अपना कॉन्ट्रैक्ट तोड़कर राजस्थान रॉयल्स के साथ IPL 2026 का कॉन्ट्रैक्ट पूरा करने के लिए यह कदम उठाया था। 

RR ने मौजूदा सीजन में सैम करन के चोटिल होने पर उनकी जगह शनाका को 2 करोड़ रुपए में टीम में शामिल किया था। शनाका ने सोमवार को PCB द्वारा जारी एक बयान में कहा, 'मुझे PSL से नाम वापस लेने के अपने फैसले पर गहरा अफसोस है। मैं पाकिस्तान के लोगों, PSL के फैन्स और पूरे क्रिकेट जगत से तहे दिल से माफी मांगता हूं। PSL एक बहुत ही प्रतिष्ठित टूर्नामेंट है। मैं समझ सकता हूं कि मेरे इस कदम से लोगों को कितनी निराशा हुई होगी। लाहौर कलंदर्स के वफादार फैन्स से मैं माफी माँगता हूं कि मैंने आपको निराश किया।' 

उन्होंने आगे कहा, 'मैं यह साफ कर देना चाहता हूं कि जब मैंने PSL से नाम वापस लिया था, तब मेरा किसी दूसरे टूर्नामेंट में खेलने का कोई इरादा नहीं था। मैं पाकिस्तानी फैन्स का बहुत सम्मान करता हूं और पाकिस्तान में बिताए अपने समय का मैंने हमेशा आनंद लिया है। मुझे उम्मीद है कि भविष्य में मैं नए जोश और फैन्स के भरोसे के साथ PSL में वापसी करूंगा।'

इसके बाद कलंदर्स ने शनाका की जगह ऑस्ट्रेलिया के सीम-बॉलिंग ऑलराउंडर डैनियल सैम्स को टीम में शामिल किया। PCB ने कहा, 'समीक्षा के बाद यह निष्कर्ष निकला कि 21 मार्च 2026 को खिलाड़ी द्वारा टूर्नामेंट से एकतरफा नाम वापस लेना, खिलाड़ी पंजीकरण की शर्तों और त्रिपक्षीय समझौते (Tripartite Agreement) दोनों का स्पष्ट उल्लंघन था। जांच में यह भी सामने आया कि खिलाड़ी ने जिन आधारों पर नाम वापस लिया था, वे मौजूदा कॉन्ट्रैक्ट के नियमों के तहत मान्य नहीं थे।'

PCB ने कहा, 'बोर्ड ने औपचारिक सुनवाई के दौरान खिलाड़ी द्वारा व्यक्त किए गए अफसोस और पाकिस्तान में खेलने के प्रति उसके जुनून को संज्ञान में लिया है, लेकिन कॉन्ट्रैक्ट के उल्लंघन की गंभीरता को देखते हुए लीग की गरिमा और विशिष्टता को बनाए रखने के लिए नियामक कार्रवाई करना आवश्यक हो गया था। यह फैसला तुरंत लागू होगा; दासुन शनाका को पाकिस्तान सुपर लीग (HBL PSL 12) के अगले सीजन में हिस्सा लेने के लिए अयोग्य घोषित कर दिया गया है, जो 2027 में होना है।' 

इससे पहले जिम्बाब्वे के तेज गेंदबाज ब्लेसिंग मुजारबानी ने IPL में कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए खेलने के लिए PSL में इस्लामाबाद यूनाइटेड के साथ अपना करार तोड़ दिया था। जब PCB ने उन पर दो साल का बैन लगा दिया, तो मुजारबानी के एजेंट ने इस बात से इनकार किया कि IPL का कॉन्ट्रैक्ट साइन करने से पहले लीग और खिलाड़ी के बीच कोई पक्का समझौता हुआ था। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Sanjeev

Related News