''विराट कोहली जैसे खिलाड़ी क्रिकेट को जिंदा रखते हैं'', पूर्व अंपायर अनिल चौधरी का बड़ा बयान

punjabkesari.in Monday, Aug 03, 2026 - 03:21 PM (IST)

नई दिल्ली : भारत के पूर्व अंतरराष्ट्रीय अंपायर अनिल चौधरी ने स्टार बल्लेबाज विराट कोहली की जमकर तारीफ करते हुए कहा कि उनके जैसे जुनूनी और आक्रामक खिलाड़ी ही क्रिकेट को रोमांचक बनाए रखते हैं। उन्होंने कहा कि कोहली का आक्रामक रवैया किसी के प्रति दुर्भावना नहीं, बल्कि जीतने की तीव्र इच्छा का परिणाम होता है। वहीं, उन्होंने नॉन-स्ट्राइकर एंड रनआउट (मांकड़) नियम और मैदान पर खिलाड़ियों की आक्रामकता पर भी अपनी राय रखी।

'विराट कोहली जैसे खिलाड़ी नहीं होंगे तो क्रिकेट बोरिंग हो जाएगा'

जियोहॉटस्टार पर बातचीत के दौरान अनिल चौधरी ने कहा कि वह विराट कोहली को उनके बचपन से जानते हैं क्योंकि उन्होंने शुरुआती दिनों से उनके मैचों में अंपायरिंग की है। उन्होंने कहा, 'विराट के अंदर किसी तरह की दुर्भावना नहीं है। वह कभी-कभी आक्रामक प्रतिक्रिया देते हैं, लेकिन अगर आपका फैसला सही हो तो वह आपकी तारीफ भी करते हैं। ओवरों के बीच आकर हंसते-बोलते हैं। वह पूरे मैच में ऊर्जा से भरे रहते हैं। विराट जैसे खिलाड़ी होने चाहिए, नहीं तो क्रिकेट बोरिंग हो जाएगा।'

गंभीर-कोहली विवाद पर भी रखी राय

अनिल चौधरी ने आईपीएल 2013 में विराट कोहली और गौतम गंभीर के बीच हुए चर्चित विवाद का जिक्र करते हुए कहा कि उत्तर भारत के खिलाड़ी स्वभाव से आक्रामक होते हैं और यही उनकी ताकत भी है। उन्होंने कहा, 'मुझे पहले से अंदाजा था कि ऐसा कुछ हो सकता है। उत्तर भारत के खिलाड़ी हमेशा जोश और आक्रामकता के साथ खेलते हैं। अगर उनसे यह आक्रामकता छीन ली जाए तो उनके प्रदर्शन पर असर पड़ेगा। हालांकि इसकी एक सीमा होनी चाहिए और उसे पार नहीं करना चाहिए।'

'मांकड़' रनआउट पूरी तरह सही, जल्द बदल सकता है नियम

नॉन-स्ट्राइकर एंड रनआउट को लेकर चल रही बहस पर भी पूर्व अंपायर ने अपनी राय रखी। उन्होंने कहा कि बल्लेबाज का क्रीज छोड़कर पहले निकलना गेंदबाज के साथ अन्याय है। चौधरी ने कहा, 'यह आउट पूरी तरह नियमों के अनुसार है। नॉन-स्ट्राइकर पहले निकलकर अनुचित फायदा उठाता है। मुझे लगता है कि अगले एक-दो साल में चेतावनी और रन पेनल्टी वाला नया नियम आ सकता है, ताकि बल्लेबाज ऐसा करने से बचें।'

आकाश चोपड़ा ने सुनाया वीरेंद्र सहवाग का मजेदार किस्सा

पूर्व भारतीय बल्लेबाज आकाश चोपड़ा ने ऑस्ट्रेलिया दौरे का एक दिलचस्प किस्सा साझा किया। उन्होंने बताया कि एक बार वीरेंद्र सहवाग ने अंपायर स्टीव बकनर से उनकी उम्र पूछी और फिर मजाक में कहा, 'आपको सुनाई भी नहीं देता, दिखाई भी नहीं देता, अब रिटायर हो जाइए।' चोपड़ा ने बताया कि उन्होंने सहवाग से कहा था कि ऐसा मत बोलो, वह तुम्हें आउट दे देंगे। इस पर सहवाग ने जवाब दिया, 'अगर गलत फैसले ही देने हैं तो कम से कम अपनी बात तो कह दूं।'

उमेश यादव ने भी किया बड़ा खुलासा

तेज गेंदबाज उमेश यादव ने भी स्वीकार किया कि मैच के दौरान कई बार खिलाड़ी मजाक-मजाक में अंपायरों को छेड़ते हैं। उन्होंने कहा, 'अगर लगता है कि अंपायर जानबूझकर कुछ कर रहे हैं तो हम भी मजाक में कहते हैं- सर, चश्मा लगाइए, धुंध तो नहीं छा गई? कहीं सो तो नहीं गए?' उन्होंने कहा कि यह सब खेल के माहौल का हिस्सा होता है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ishtpreet Singh

Related News