''हिम्मत है तो फैसले पर डटे रहो…'': हरभजन सिंह का पाकिस्तान क्रिकेट को खुला चैलेंज

punjabkesari.in Monday, Feb 02, 2026 - 03:33 PM (IST)

नई दिल्ली: भारत के पूर्व दिग्गज स्पिनर हरभजन सिंह ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत के खिलाफ मैच का बहिष्कार करने के पाकिस्तान के फैसले पर तीखा हमला बोला है। हरभजन ने इस कदम को ‘बनावटी ड्रामा’ करार देते हुए कहा कि यह फैसला जनता को गुमराह करने और बेवजह विवाद खड़ा करने की कोशिश है।

पाकिस्तान सरकार ने हाल ही में पुष्टि की थी कि उसकी राष्ट्रीय टीम टी20 वर्ल्ड कप 2026 में हिस्सा लेगी, लेकिन ग्रुप स्टेज में भारत के खिलाफ मैच नहीं खेलेगी। यह टूर्नामेंट भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेज़बानी में खेला जा रहा है और इसकी शुरुआत शनिवार से होगी।

श्रीलंका में खेलेगा पाकिस्तान, भारत-पाक मैच 15 फरवरी को तय

भारत और पाकिस्तान के बीच राजनीतिक तनाव के चलते पाकिस्तान अपने सभी मुकाबले श्रीलंका में खेलेगा। इसमें नॉकआउट मैच भी शामिल होंगे। भारत-पाकिस्तान ग्रुप A मुकाबला 15 फरवरी को कोलंबो में निर्धारित है, जिसे किसी भी ICC टूर्नामेंट का सबसे हाई-वोल्टेज और कमाई वाला मैच माना जाता है।

'ये सिर्फ दिखावा है, जनता को गुमराह किया जा रहा'

हरभजन सिंह ने अपने यूट्यूब चैनल पर पाकिस्तान के फैसले पर सवाल उठाते हुए कहा कि इसका कोई ठोस फायदा नहीं है। 'इससे आपको क्या हासिल होगा? ये सिर्फ अहंकार दिखाने का तरीका है। अगर सच में इतना दम है तो अपने फैसले पर अडिग रहो, देखते हैं कितनी हिम्मत है। ये पूरा ड्रामा लोगों को गुमराह करने के लिए रचा गया है।'

हरभजन ने यह भी कहा कि पाकिस्तान यह दिखाने की कोशिश कर रहा है कि वह किसी और देश के समर्थन में खड़ा है, लेकिन अपने देश के क्रिकेट फैंस की भावनाओं को पूरी तरह नज़रअंदाज़ कर रहा है, जो भारत-पाक मैच देखना चाहते हैं।

“जब जंग के बाद भी एशिया कप खेला, तब देशभक्ति कहां थी?”

हरभजन ने पाकिस्तान की नीति पर सवाल उठाते हुए पुराने उदाहरण भी गिनाए। 'मैच न्यूट्रल वेन्यू पर होना था, फिर भी आप पीछे हट गए। जब हाल ही में युद्ध जैसी स्थिति थी, तब आपने एशिया कप खेला। ट्रॉफी को लेकर ड्रामा हुआ, लेकिन मैच इसलिए खेले गए क्योंकि आप उस रेवेन्यू को छोड़ना नहीं चाहते थे।' उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अगर पाकिस्तान इतना ही देशभक्त है, तो उस वक्त ये भावनाएं कहां थीं।

ICC की सख्त कार्रवाई की चेतावनी

हरभजन सिंह ने पाकिस्तान को ICC की संभावित सख्त कार्रवाई को लेकर भी चेतावनी दी। 'ICC को इंसाफ करने दो। हो सकता है आप पर जुर्माना लगे, प्रतिबंध लगे और शायद भविष्य में आपको कभी ICC टूर्नामेंट की मेज़बानी भी न मिले।' उन्होंने कहा कि ऐसे फैसलों के लंबे समय तक गंभीर परिणाम हो सकते हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ishtpreet Singh

Related News