हरमनप्रीत कौर टी20 वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली भारतीय बनीं, देखें टॉप पांच खिलाड़ियों की लिस्ट
punjabkesari.in Monday, Jun 15, 2026 - 11:49 AM (IST)
स्पोर्ट्स डेस्क : पाकिस्तान के खिलाफ एजबेस्टन में कप्तान हरमनप्रीत कौर टी20 वर्ल्ड कप में भारत की महिला खिलाड़ियों में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली खिलाड़ी बन गईं। मैच शुरू होने से पहले वह मिताली राज के साथ 726 रनों पर संयुक्त रूप से शीर्ष पर थीं और अपनी पहली ही गेंद पर उन्होंने पूर्व कप्तान को पीछे छोड़ दिया।
भारतीय कप्तान को जल्दी मैदान पर आना पड़ा क्योंकि भारत ने शुरुआती 20 गेंदों में ही शैफाली वर्मा और जेमिमा रोड्रिग्स के विकेट गंवा दिए थे। हरमनप्रीत ने 35 गेंदों पर 36 रन बनाए जिसमें 4 चौके शामिल थे। इतना ही नहीं उन्होंने तीसरे विकेट के लिए धमाकेदार बल्लेबाज स्मृति मंधाना के साथ 91 रन की साझेदारी निभाई जिससे ना सिर्फ हरमनप्रीत टी20 विश्व कप में भारतीय महिला टीम की सर्वाधिक रन बनाने वाली खिलाड़ी बनी बल्कि भारत की जीत में भी यह साझेदारी काम आई।
हरमनप्रीत के टी20 विश्व कप में 762 रन हो गए हैं। वहीं दूसरे स्थान पर मौजूद मिताली राज ने 726 रन बनाए हैं। तीसरे स्थान पर स्मृति मंधाना हैं जिन्होंने 592 रन बनाए हैं। चौथे स्थान पर भारतीय बल्लेबाज जेमिमा रोड्रिग्स और पांचवें पर पुनम राऊत हैं जिन्होंने क्रमशः 408 और 375 रन बनाए हैं।
T20 WCs में IND-W के लिए सर्वाधिक रन
762 - हरमनप्रीत कौर*
726 - मिताली राज
592 - स्मृति मंधाना
408 - जेमिमा रोड्रिग्स
375 - पुनम राऊत
भारत बनाम पाकिस्तान मैच
मैच की बात करें तो सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना के अर्धशतक के बाद अनुभवी दीप्ति शर्मा के पांच विकेट से भारत ने आईसीसी टी20 महिला विश्व कप के ग्रुप एक मैच में रविवार को यहां पाकिस्तान को 64 रन से हराकर अपने अभियान की शुरुआत जीत के साथ की। भारत के 171 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान की टीम ऑफ स्पिनर दीप्ति (10 रन पर पांच विकेट) के करियर की सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी के सामने 17 ओवर में 106 रन पर सिमट गई। बाएं हाथ की स्पिनर चरणी (21 रन पर तीन विकेट) और शैफाली वर्मा (22 रन पर एक विकेट) ने भी दीप्ति का अच्छा साथ निभाया।

