हरमनप्रीत बाहर, FIH प्रो लीग में हार्दिक संभालेंगे भारतीय हॉकी टीम की कमान

punjabkesari.in Tuesday, Feb 17, 2026 - 01:26 PM (IST)

नई दिल्ली : नियमित कप्तान हरमनप्रीत सिंह निजी कारणों से 20 से 25 फरवरी तक होबार्ट में होने वाले FIH प्रो लीग मैचों में नहीं खेल पाएंगे और उनकी जगह मिडफील्डर हार्दिक सिंह को मंगलवार को भारतीय पुरुष की टीम का कप्तान नियुक्त किया गया। भारत, स्पेन और मेजबान ऑस्ट्रेलिया टूर्नामेंट के आगामी चरण में होबार्ट के तस्मानिया हॉकी सेंटर में एक दूसरे के खिलाफ खेलेंगे। 

भारतीय टीम ने राउरकेला में समाप्त हुए चरण में अपने सभी चार मैच गंवा दिए थे, जिसमें अर्जेंटीना के हाथों 0-8 की शर्मनाक हार भी शामिल है। भारत के मुख्य कोच क्रेग फुल्टन ने कहा, 'राउरकेला में हमारा प्रदर्शन निराशाजनक रहा और परिणाम हमारे पक्ष में नहीं रहे लेकिन हमने कुछ अच्छे सबक सीखे हैं और कुछ उल्लेखनीय सुधार किए हैं।' 

नए कप्तान हार्दिक दो बार के ओलंपिक कांस्य पदक विजेता हैं। टीम में अमनदीप लाकड़ा और मनमीत सिंह जैसे युवा खिलाड़ी भी शामिल हैं, जिन्होंने राउरकेला चरण के दौरान सीनियर टीम के लिए अपना पहला मैच खेला था। हॉकी इंडिया ने एक बयान में कहा, 'हरमनप्रीत सिंह निजी कारणों से टीम का हिस्सा नहीं होंगे।' 

इस खिलाड़ी के करीबी एक सूत्र ने बताया कि हरमनप्रीत अपने दूसरे बच्चे के जन्म के कारण अपनी पत्नी अमनदीप कौर के साथ रहना चाहते हैं और इसलिए वह टीम से हट गए हैं। स्ट्राइकर मनिंदर सिंह की भी टीम में वापसी हुई है। वह आखिरी बार 2023-24 में एफआईएच हॉकी प्रो लीग में भारत के लिए खेले थे। एक अन्य फॉरवर्ड अंगद बीर सिंह की भी टीम में वापसी हुई है। फुल्टन ने कहा, 'हमारा लक्ष्य होबार्ट में बेहतर प्रदर्शन करना और विश्व कप और एशियाई खेलों के लिए अपनी टीम को अंतिम रूप देना है।' 

भारतीय टीम : 

गोलकीपर : सूरज करकेरा, मोहित होन्नेनाहल्ली शशिकुमार 
डिफेंडर : अमित रोहिदास, जरमनप्रीत सिंह, जुगराज सिंह, संजय, सुमित, अमनदीप लाकड़ा, यशदीप सिवाच, पूवन्ना चंदूरा बॉबी 
मिडफील्डर : राजिंदर सिंह, मनमीत सिंह, विवेक सागर प्रसाद, हार्दिक सिंह, मोइरंगथेम रबीचंद्र सिंह, विष्णु कांत सिंह, राज कुमार पाल। 
फॉरवर्ड : अभिषेक, शिलानंद लाकड़ा, मंदीप सिंह, अरिजीत सिंह हुंदल, आदित्य अर्जुन लालगे, अंगद बीर सिंह, मनिंदर सिंह। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Sanjeev

Related News