हैरी ब्रूक का तूफानी शतक: टी20 वर्ल्ड कप में बना डाले कई रिकॉर्ड, ऐसा करने वाले पहले कप्तान बने
punjabkesari.in Tuesday, Feb 24, 2026 - 11:13 PM (IST)
स्पोर्ट्स डेस्कः टी20 वर्ल्ड कप 2026 में इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक ने पाकिस्तान के खिलाफ शानदार शतक लगाकर इतिहास रच दिया। ब्रूक ने अपनी सेंचुरी सिर्फ 50 गेंदों में पूरी की और 51 गेंदों पर 100 रन बनाकर आउट हुए। यह पारी कई मायनों में खास रही, क्योंकि वह टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में शतक लगाने वाले पहले कप्तान बन गए हैं। इससे पहले किसी भी टीम का कप्तान इस टूर्नामेंट में शतक नहीं लगा पाया था।
क्रिस गेल की बराबरी
हैरी ब्रूक का यह शतक टी20 वर्ल्ड कप इतिहास का संयुक्त रूप से दूसरा सबसे तेज शतक है। इस मामले में उन्होंने वेस्टइंडीज के दिग्गज बल्लेबाज क्रिस गेल की बराबरी की है।
-
ब्रूक – 50 गेंदों में शतक (पाकिस्तान के खिलाफ, 2026)
-
क्रिस गेल – 50 गेंदों में शतक (साउथ अफ्रीका के खिलाफ, 2007)
टी20 वर्ल्ड कप में सबसे तेज शतक का रिकॉर्ड भी क्रिस गेल के नाम है। उन्होंने 2016 में इंग्लैंड के खिलाफ सिर्फ 47 गेंदों में सेंचुरी लगाई थी।
टी20 वर्ल्ड कप में सबसे तेज शतक लगाने वाले बल्लेबाज
-
47 गेंद – क्रिस गेल बनाम इंग्लैंड, वानखेड़े, 2016
-
50 गेंद – क्रिस गेल बनाम साउथ अफ्रीका, जोहान्सबर्ग, 2007
-
50 गेंद – हैरी ब्रूक बनाम पाकिस्तान, पल्लेकेले, 2026*
-
51 गेंद – ब्रेंडन मैकुलम बनाम बांग्लादेश, पल्लेकेले, 2012
कप्तान के तौर पर सबसे बड़ी पारी
हैरी ब्रूक ने एक और बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। अब टी20 वर्ल्ड कप में कप्तान के तौर पर सबसे बड़ी पारी खेलने का रिकॉर्ड भी उनके नाम दर्ज हो गया है। इससे पहले यह रिकॉर्ड क्रिस गेल के नाम था, जिन्होंने 2010 टी20 वर्ल्ड कप में भारत के खिलाफ 98 रन बनाए थे। इसी टूर्नामेंट में आयरलैंड के स्टैंड-इन कप्तान लोर्कन टकर ने ओमान के खिलाफ कोलंबो SSC में नाबाद 94 रन बनाए थे। इसके बाद सूची में रोहित शर्मा का नाम आता है, जिन्होंने 2024 टी20 वर्ल्ड कप में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 92 रन की पारी खेली थी। ब्रूक ने 100 रन बनाकर इन सभी को पीछे छोड़ दिया।
टी20 वर्ल्ड कप में कप्तान के तौर पर सबसे बड़ा स्कोर
-
100 – हैरी ब्रूक बनाम पाकिस्तान, पल्लेकेले, 2026*
-
98 – क्रिस गेल बनाम भारत, ब्रिजटाउन, 2010
-
94* – लोर्कन टकर बनाम ओमान, कोलंबो SSC, 2026
-
92 – रोहित शर्मा बनाम ऑस्ट्रेलिया, ब्रिजटाउन, 2024
ऐतिहासिक पारी बनी यादगार
हैरी ब्रूक की यह शतकीय पारी सिर्फ एक जीत नहीं, बल्कि रिकॉर्ड बुक में दर्ज होने वाला ऐतिहासिक कारनामा है। उन्होंने न केवल अपनी टीम को जीत दिलाई, बल्कि टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में अपना नाम भी सुनहरे अक्षरों में दर्ज करा लिया।

