हर्षवर्धन जी.बी. बने भारत के 97वें शतरंज ग्रैंडमास्टर

punjabkesari.in Monday, Jun 29, 2026 - 11:50 PM (IST)

चेन्नई, तमिलनाडु (निकलेश जैन)। भारत के युवा शतरंज खिलाड़ी हर्षवर्धन जी.बी. ने शानदार प्रदर्शन करते हुए देश के 97वें ग्रैंडमास्टर बनने का गौरव हासिल कर लिया। उन्होंने चेन्नई में आयोजित द्वितीय चोला चेस जीएम नॉर्म राउंड रॉबिन टूर्नामेंट में अपना अंतिम ग्रैंडमास्टर नॉर्म पूरा किया। पूरे टूर्नामेंट में वह अपराजित रहे और 9 में से 6.5 अंक बनाकर न केवल अंतिम जीएम नॉर्म हासिल किया, बल्कि अपनी लाइव रेटिंग भी 2500 के पार पहुंचा दी।

हर्षवर्धन के लिए अंतिम चार मुकाबले किसी परीक्षा से कम नहीं थे। पहले पांच राउंड के बाद उनके खाते में केवल 3 अंक थे और ग्रैंडमास्टर बनने के लिए उन्हें अंतिम चार मुकाबलों में 3.5 अंक चाहिए थे। उन्होंने दबाव में बेहतरीन खेल दिखाते हुए छठे दौर में आईएम कुशाग्र मोहन को हराया, सातवें दौर में टूर्नामेंट में बढ़त बनाए हुए ग्रैंडमास्टर मिखाल क्रासेनकोव को मात दी और आठवें दौर में अनुभवी ग्रैंडमास्टर अलेक्सी फेदोरोव के खिलाफ जटिल रूक एंडगेम जीतकर इतिहास रच दिया।

अंतिम दौर में हर्षवर्धन को केवल आधे अंक की जरूरत थी। उन्होंने सफेद मोहरों से मिहाइल निकितेंको के खिलाफ बिना किसी जोखिम के मुकाबला खेला और ड्रॉ के साथ आवश्यक 6.5 अंक पूरे कर भारत के 97वें ग्रैंडमास्टर बनने का सपना साकार कर लिया।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Niklesh Jain

Related News